शिमला (HD News): हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने प्रदेश तथा देशवासियों को रंगों के पावन पर्व होली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि होली भारत का एक अत्यंत प्राचीन पर्व है जिसे होली, होलिका या होलाका के नाम से भी जाना जाता है। बसंत ऋतु में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाने वाला रंगों का यह त्यौहार बसंतोत्सव और काम-महोत्सव के रूप में भी प्रसिद्ध है।

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि इस पर्व के पहले दिन होलिका जलाई जाती है, जिसे होलिका दहन कहते हैं। वहीं दूसरे दिन, जिसे प्रमुखतः धुलेंडी, धुरहड़ी, धुरखेल या धूलिवंदन के नाम से जाना जाता है, लोग एक-दूसरे पर रंग, अबीर और गुलाल लगाते हैं। इस अवसर पर लोग ढोल बजाकर होली के लोकगीत गाते हैं और एक-दूसरे को मिठाइयां बांटकर खुशियां साझा करते हैं। उन्होंने कहा कि राग-रंग का यह लोकप्रिय पर्व मुख्य रूप से बसंत के आगमन का संदेशवाहक है।

कुलदीप सिंह पठानियां ने आगे कहा कि देवभूमि हिमाचल मेलों व त्यौहारों का प्रदेश है, जिसके कारण हमारा प्रदेश देश-विदेश में विख्यात है। मेले एवं त्यौहार हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के द्योतक हैं, जो न केवल पारस्परिक सौहार्द व भाईचारे को बढ़ाते हैं अपितु क्षेत्र विशेष की संस्कृति के प्रचार व प्रसार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने राष्ट्र और राज्य स्तरीय होली मेलों की विशिष्ट पहचान का उल्लेख करते हुए ईश्वर से कामना की कि होली का यह त्यौहार सभी देश और प्रदेशवासियों के जीवन में अनेकानेक सफलताएं एवं अपार खुशियां लेकर आए।