भारत में विकसित की जा रही पहली स्वदेशी जीका वायरस वैक्सीन अब मानव क्लिनिकल परीक्षण के बेहद करीब पहुंच गई है। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) की विषय विशेषज्ञ समिति ने प्री-क्लिनिकल अध्ययनों की समीक्षा के बाद इस वैक्सीन के फेज-1 मानव परीक्षण शुरू करने की सिफारिश कर दी है।
(ADVT1)
इस स्वदेशी वैक्सीन को इंडियन इम्यूनोलॉजिकल्स लिमिटेड (आईआईएल) और ऑस्ट्रेलिया की ग्रिफिथ यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने संयुक्त रूप से विकसित किया है। प्रारंभिक प्रयोगशाला और पशु परीक्षणों में यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित और जीका वायरस के खिलाफ प्रभावी रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित करने में सफल पाई गई है।
उल्लेखनीय है कि जीका वायरस मुख्य रूप से एडीज मच्छरों के काटने से फैलता है और गर्भवती महिलाओं में संक्रमण होने पर नवजात शिशुओं में जन्मजात विकृतियों का गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। अब तक दुनिया में इस वायरस के लिए कोई व्यापक रूप से उपलब्ध व्यावसायिक वैक्सीन नहीं है।
(ADVT10)
चिकित्सा वैज्ञानिकों का कहना है कि यदि मानव परीक्षण के तीनों चरण सफल रहते हैं, तो यह न केवल भारत बल्कि विश्व के अन्य उष्णकटिबंधीय देशों के लिए एक किफायती और जीवनरक्षक सुरक्षा कवच साबित होगी।