शिमला: (HD News); शिमला में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस विधायक दल की बैठक एवं राज्यसभा प्रत्याशी के नामांकन से पूर्व हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां से उनके कार्यालय कक्ष में शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह तथा राज्यसभा प्रत्याशी अनुराग शर्मा भी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान सभी नेताओं ने विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात कर राज्य की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर संक्षिप्त चर्चा भी की। इसके बाद कांग्रेस विधायक दल की बैठक आयोजित की गई, जिसमें राज्यसभा चुनाव को लेकर रणनीति पर भी मंथन किया गया।
राज्यसभा प्रत्याशी अनुराग शर्मा के नामांकन को लेकर कांग्रेस नेताओं में उत्साह देखा गया और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में आगे की औपचारिकताओं को पूरा किया गया। राजनीतिक हलकों में इस मुलाकात को आगामी राज्यसभा चुनाव की तैयारियों के रूप में भी देखा जा रहा है।
