चंबा: (HD News); विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया की अध्यक्षता में भरमौर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मैहला में 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मैहला, चडी, फागड़ी, बंदला, दाढवीं और वकाण पंचायतों के सैकड़ों ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं और मांगों को प्रशासन के समक्ष रखा। इस अवसर पर विधायक नीरज नैय्यर और डॉ. जनकराज विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं का उनके घर द्वार पर निपटारा सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम पिछली सरकारों के कार्यक्रमों से बिल्कुल अलग और अधिक प्रभावी है। सरकार ने हर पहलू का बारीकी से आकलन कर जनता की सुविधा के लिए समुचित व्यवस्था की है ताकि स्थानीय स्तर पर ही त्वरित समाधान मिल सके।

जनसंवाद के दौरान लगभग 400 लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज करवाईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। स्थानीय विधायक डॉ. जनकराज की मांग पर विधानसभा अध्यक्ष ने भरमौर क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी के विस्तार के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने जिला कृषि उपज एवं विपणन समिति के अध्यक्ष ललित ठाकुर द्वारा गैर-जनजातीय क्षेत्रों को जनजातीय श्रेणी में शामिल करने के मुद्दे को विधानसभा की पिटीशन कमेटी के माध्यम से केंद्र सरकार को भेजने का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों ने अपनी सेवाओं के माध्यम से लोगों को लाभान्वित किया। राजस्व विभाग द्वारा 25 भूमि इंतकाल दर्ज किए गए और 8 आधार कार्ड अपडेट किए गए। स्वास्थ्य विभाग ने 89 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें निशुल्क दवाइयां बांटीं। साथ ही, 17 लोगों के हेपेटाइटिस और एचआईवी टेस्ट किए गए और चार लोगों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र के लिए पंजीकृत किया गया।

विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को राहत भी प्रदान की गई। विधानसभा अध्यक्ष ने पिछले वर्ष की आपदा से प्रभावित 6 परिवारों को 6 लाख 20 हजार रुपये के चेक वितरित किए। इसके अलावा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 6 लोगों को नए घर की चाबियां सौंपी गईं और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 10 लाभार्थियों को बीमा दस्तावेज प्रदान किए गए।
सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देते हुए, कार्यक्रम में 'नशा मुक्त भारत' अभियान के तहत वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं के बीच संवाद आयोजित किया गया। इस दौरान आयोजित भाषण एवं नारा लेखन प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया गया। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने स्वागत संबोधन में जिला प्रशासन द्वारा जनसमस्याओं के समाधान हेतु उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
