हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। यहाँ पुराने हिंदुस्तान-तिब्बत मार्ग पर रांगले के समीप एक पिकअप अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे वाहन चला रहे 27 वर्षीय युवा चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पढ़ें पूरी खबर..
किन्नौर: हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर में बीती देर रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। पुराने हिंदुस्तान-तिब्बत मार्ग पर रांगले के समीप एक पिकअप अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में 27 वर्षीय चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

देर रात 1:15 बजे हुआ हादसा
मृतक की पहचान लवीस (27) पुत्र सुखराम, निवासी गांव एवं डाकघर मीरू, तहसील निचार (किन्नौर) के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 1:15 बजे लवीस अपनी पिकअप से मीरू गांव से रुनंग की ओर जा रहा था। इसी दौरान रांगले के पास वाहन से उसका नियंत्रण खो गया और पिकअप सीधे गहरी खाई में जा समाई।
सुबह मिली जानकारी, ग्रामीणों की मदद से निकाला गया शव
हादसे का पता सोमवार सुबह उस वक्त चला जब स्थानीय लोगों ने खाई में गिरे वाहन को देखा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस के जवानों ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से खाई में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद चालक के शव को बाहर निकाला।

हादसे के कारणों की जांच शुरू
किन्नौर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुशील कुमार शर्मा ने दुर्घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के स्पष्ट कारणों की जांच की जा रही है।
अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। एक युवा बेटे की अचानक मौत से मीरू गांव और पीड़ित परिवार में गहरा मातम छा गया है।