अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के चेयरमैन जय शाह को लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए निर्विरोध पुनः निर्वाचित कर लिया गया है। बाली में आयोजित आईसीसी बोर्ड की बैठक में उनके नाम पर सर्वसम्मति से मुहर लगी, जिसके बाद वे अगले कार्यकाल के लिए भी वैश्विक क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था का नेतृत्व करेंगे।

उनकी इस उपलब्धि पर बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास, भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर, केएल राहुल, पूर्व महिला कप्तान मिताली राज और ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा सहित खेल जगत की तमाम हस्तियों ने बधाई दी है। सभी ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में क्रिकेट का वैश्विक विस्तार और तेज होगा।
जय शाह के दूसरे कार्यकाल की सबसे बड़ी प्राथमिकता लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 में क्रिकेट की ऐतिहासिक वापसी को सफल बनाना और एसोसिएट देशों में खेल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना रहेगा। हाल ही में आईसीसी ने 2028 से 2035 तक के पुरुष टूर्नामेंट कैलेंडर को भी मंजूरी दी है, जिसमें भारत 2029 चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी और 2031 वनडे विश्व कप की सह-मेजबानी करेगा।

क्रिकेट प्रशासकों का मानना है कि भारतीय नेतृत्व की निरंतरता से आईसीसी और सदस्य बोर्डों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा महिला क्रिकेट और टेस्ट चैंपियनशिप को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में मदद मिलेगी।