हिमाचल प्रदेश में लाहौल स्पीति से पूर्व विधायक एवं मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा BJP से बागी हो गए हैं। उन्होंने भाजपा हाईकमान द्वारा लाहौल स्पीति का टिकट कांग्रेस के बागी रवि ठाकुर को अनाउस करते ही हर हाल में चुनाव लड़ने का ऐलान कर डाला। डॉ. मारकंडा पार्टी टिकट रवि ठाकुर को देने पर भड़क गए हैं। पढ़ें पूरी खबर..
लाहौल स्पीति: हिमाचल प्रदेश में लाहौल स्पीति से पूर्व विधायक एवं मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा BJP से बागी हो गए हैं। उन्होंने भाजपा हाईकमान द्वारा लाहौल स्पीति का टिकट कांग्रेस के बागी रवि ठाकुर को अनाउस करते ही हर हाल में चुनाव लड़ने का ऐलान कर डाला।
वहीं दोपहर के वक्त शिमला पहुंचे कांग्रेस के बागी विधायक रवि ठाकुर का युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव किया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रवि ठाकुर के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। रवि ठाकुर शिमला में राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन के साथ प्रेस कॉफ्रेंस के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें युवा कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं का विरोध झेलना पड़ा।
मारकंडा बोले- भ्रष्टाचारी को बर्दाश्त नहीं करेंगे
उधर, लाहौल स्पीति में डॉ. मारकंडा पार्टी टिकट रवि ठाकुर को देने पर भड़क गए हैं। उन्होंने रवि पर निशाना साधते हुए कहा कि वह किसी भी सूरत में भ्रष्टाचारी को बर्दाश्त नहीं करेंगे और आगे नहीं बढ़ने देंगे। भले वो राजनीति छोड़ देंगे। उन्होंने कहा कि वह लाहौल के भविष्य को बर्बाद नहीं होने देंगे।
पूरी जिला कार्यकारिणी सामूहिक इस्तीफा देगी: मारकंडा
डॉ. मारकंडा ने बताया कि वह जल्द पार्टी से इस्तीफा देंगे। उनके साथ पूरी जिला कार्यकारिणी भी सामूहिक त्यागपत्र देगी। हाईकमान के फैसले से हर वर्कर हताश और मायूस है। मारकंडा ने कुछ दिन पहले ही बागी होने के संकेत दे दिए थे।
BJP ने आज ही कांग्रेस के 6 बागियों को टिकट दिया
बता दें कि आज सुबह ही भाजपा हाईकमान ने हिमाचल प्रदेश की 6 विधानसभा सीटों पर उप चुनाव के लिए टिकट अनाउस किए हैं। BJP ने बीते शनिवार को ही भाजपा में शामिल कांग्रेस के छह विधायकों को टिकट दिया है। डा. मारकंडा लाहौल स्पीति से तीन बार विधायक और दो बार के मंत्री है। पूर्व जयराम सरकार में वह कृषि मंत्री रह चुके हैं।
CM सुक्खू बोले - विधायकों की खरीद-फरोख्त साबित हुई
वहीं हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस के छह बागी विधायकों को टिकट देना साबित करता है कि हिमाचल में विधायकों की खरीद-फरोख्त की गई। उन्होंने कहा कि हिमाचल में आया राम, गया राम की राजनीति नहीं थी, लेकिन भाजपा ने शुरू की है।