शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले (कुमारसैन क्षेत्र) में पिछले कुछ हफ्तों से महिलाओं की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर दहशत फैलाने वाले शातिर 'सीरियल स्नैचर' का खौफ आखिरकार खत्म हो गया है। जिला शिमला पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से जम्मू-कश्मीर के डोडा निवासी 26 वर्षीय जेल सिंह को कांगड़ा के नूरपुर से गिरफ्तार कर लिया है। यह शातिर अपराधी योजनाबद्ध तरीके से सुनसान इलाकों में अकेली महिलाओं को अपना शिकार बनाता था। आरोपी के पकड़े जाने से इलाके की महिलाओं ने राहत की सांस ली है।
पूरी रेकी और प्लानिंग के साथ करता था हमला
जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी अचानक किसी वारदात को अंजाम नहीं देता था, बल्कि उसकी पूरी कार्यप्रणाली बेहद सोची-समझी होती थी। वह कई दिनों तक इलाके की सघन रेकी करता था। महिलाओं के आने-जाने के रास्तों और समय पर बारीकी से नजर रखता था। पुलिस से बचने के लिए वह जानबूझकर ऐसे सुनसान और एकांत रास्ते चुनता था, जहां सीसीटीवी कैमरों की नजर न पड़े। जैसे ही कोई महिला उसे अकेली मिलती, वह अचानक उसकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक देता और असहाय स्थिति का फायदा उठाकर गहने नोचकर फरार हो जाता था।

एक महीने के भीतर तीन महिलाओं को बनाया शिकार
शिमला में पत्रकारों से बातचीत करते हुए एएसपी मेहर पंवर ने बताया कि आरोपी ने एक महीने के भीतर तीन वारदातों को अंजाम दिया। पहली वारदात 31 अगस्त को जुब्बड़ के पास हुई, जहां सीमा देवी की आंखों में मिर्च डालकर कानों की बालियां छीनी गईं। इसके बाद 14 सितम्बर को कण्डयाली में सुनो देवी को इसी तरीके से निशाना बनाया गया। तीसरी वारदात 26 सितम्बर को हुई, जहां आरोपी लगातार तीन दिन तक कनकु नामक महिला के ढाबे पर ग्राहक बनकर आता रहा और मौका पाते ही उनके गले से मंगलसूत्र छीनकर भाग निकला।
नूरपुर में ट्रेस हुई लोकेशन, पुलिस ने बिछाया जाल
लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद शिमला पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया। तीनों वारदातों का 'मोडस ऑपरेंडी' (तरीका) एक जैसा होने के कारण पुलिस ने कड़ियां जोड़नी शुरू कीं। तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद आरोपी की लोकेशन नूरपुर (कांगड़ा) में मिली। कुमारसैन पुलिस ने तुरंत नूरपुर पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया और 5 अक्तूबर को आरोपी को धर दबोचा। हिरासत में लिए जाने के बाद तीनों पीड़ित महिलाओं ने आरोपी की शिनाख्त भी कर ली है।

चंबा में भी दर्ज है स्नैचिंग का मामला
पुलिस जांच में आरोपी जेल सिंह का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के सिहुंता थाने में भी 5 मार्च 2026 को स्नैचिंग का मामला (एफआईआर नंबर 16/2026) दर्ज है। पुलिस अब आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेगी। रिमांड के दौरान पूछताछ में राज्य के अन्य हिस्सों में हुई स्नैचिंग की वारदातों के राज भी खुलने की प्रबल संभावना है।