शिमला: हिमाचल प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक तकनीक से लैस करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश के चिकित्सा महाविद्यालयों में सप्ताह के सातों दिन रोबोटिक सर्जरी संचालित करने के निर्देश जारी किए हैं। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं आम आदमी को बिना किसी प्रतीक्षा के सुलभ होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के चिकित्सकों की पीठ थपथपाते हुए जानकारी दी कि मात्र 15 महीनों के अल्प समय में राज्य के सरकारी अस्पतालों में 1, 100 से अधिक सफल रोबोटिक सर्जरी कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया गया है। इनमें कोलोन कैंसर, प्रोस्टेट कैंसर और किडनी ट्रांसप्लांट जैसे अत्यंत जटिल ऑपरेशन शामिल हैं, जिनके लिए पहले मरीजों को बड़े महानगरों का रुख करना पड़ता था।
वर्तमान में यह उन्नत सुविधा अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटी चमियाणा, टांडा मेडिकल कॉलेज, नेरचौक मेडिकल कॉलेज और आईजीएमसी शिमला में उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इन संस्थानों में दिल्ली एम्स की तुलना में बेहद किफायती दरों पर रोबोटिक सर्जरी की जा रही है, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ कम हुआ है।

चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, पारंपरिक ओपन सर्जरी की तुलना में रोबोटिक तकनीक से किए गए ऑपरेशनों में चीरा बहुत छोटा होता है और रक्तस्राव भी न्यूनतम रहता है। इसके परिणामस्वरूप मरीजों को अस्पताल में भर्ती रहने की अवधि 50 से 75 प्रतिशत तक कम हो गई है, जिससे अस्पतालों में बिस्तरों की उपलब्धता भी बढ़ी है और मरीज जल्दी स्वस्थ होकर घर लौट रहे हैं।

आगामी विस्तार योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए सुक्खू ने कहा कि सरकार प्रदेश के अन्य मेडिकल कॉलेजों में भी इस तकनीक को लागू करने पर विचार कर रही है। इसके लिए अब तक 41 सर्जनों और 34 सहायक चिकित्सा कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा चुका है, और युवा डॉक्टरों को भी इस आधुनिक प्रणाली में दक्ष बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
