शिमला: देवभूमि हिमाचल की युवा पीढ़ी को खोखला कर रहे चिट्टे और सिंथेटिक नशे के काले कारोबार को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए प्रदेश सरकार ने अब हाई-टेक रणनीति अपनाई है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार जल्द ही एक समर्पित 'व्हाट्सएप चैटबॉट' लॉन्च करने जा रही है, जिसके जरिए आम नागरिक अपनी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखते हुए नशा तस्करों की सटीक जानकारी सीधे पुलिस मुख्यालय और प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे। इस डिजिटल पहल का मुख्य मकसद समाज के आम लोगों को बिना किसी डर के नशा विरोधी मुहिम का सक्रिय हिस्सेदार बनाना है, ताकि गली-मोहल्लों में सक्रिय तस्करों के नेटवर्क को समय रहते नेस्तनाबूद किया जा सके।

नशे के खिलाफ अपनी सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति को स्पष्ट करते हुए मुख्यमंत्री ने खुलासा किया कि राज्य की 246 ऐसी पंचायतों की पहचान की गई है जो नशे की चपेट में सबसे अधिक संवेदनशील हैं और इन्हें अब विशेष निगरानी घेरे में रखा गया है। पंचायत स्तर पर कराए गए व्यापक सर्वेक्षण में करीब 12 हजार ऐसे लोगों को चिन्हित किया गया है जो या तो नशे के आदी हो चुके हैं या फिर इस अवैध धंधे की कड़ियों से जुड़े हैं। भटके हुए युवाओं को अपराध की दुनिया से निकालकर मुख्यधारा में वापस लाने के लिए सरकार ने आउट-पेशेंट उपचार और मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग के नेटवर्क का विस्तार करने का फैसला किया है।
नशा तस्करों को संरक्षण देने या खुद इस में फंसने वाले सरकारी अमले पर भी सरकार ने बेहद कड़ा शिकंजा कसा है। मुख्यमंत्री के अनुसार, नशे से जुड़ी गतिविधियों में संलिप्त पाए गए 168 सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ कानूनी मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 21 पुलिसकर्मियों सहित कुल 51 कर्मचारियों को बर्खास्त कर कड़ा संदेश दिया गया है। इसके साथ ही प्रशासनिक तंत्र को पूरी तरह स्वच्छ रखने के लिए सरकार ने अब भविष्य में होने वाली सभी सरकारी भर्तियों में चयनित अभ्यर्थियों का अनिवार्य रूप से 'ड्रग टेस्ट' कराने का ऐतिहासिक निर्णय भी लिया है।

आर्थिक चोट ही अपराधियों की कमर तोड़ सकती है, इस मंत्र पर काम करते हुए हिमाचल पुलिस और प्रशासन ने पिछले साढ़े तीन वर्षों में नशा तस्करी की काली कमाई से अर्जित लगभग 92 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियों को जब्त किया है। इसके अतिरिक्त, सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर बनाए गए तस्करों के 22 आलीशान ठिकानों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त किया जा चुका है, जबकि कई अन्य चिन्हित संपत्तियों पर कार्रवाई पाइपलाइन में है। आंकड़ों के मुताबिक, इस अवधि में एनडीपीएस एक्ट के तहत 7, 950 मुकदमे दर्ज कर 12, 302 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है।

अभियान को सामाजिक आंदोलन का रूप देने के लिए प्रदेश के करीब 9, 677 शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त घोषित किया गया है और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने सैकड़ों स्कूलों को गोद लेकर विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का बीड़ा उठाया है। साथ ही, नशा मुक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली सुधारने के लिए टांडा और बिलासपुर स्थित केंद्रों का प्रबंधन पुलिस को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार को विश्वास है कि सख्त कानूनी कार्रवाई, संपत्तियों की जब्ती, बेहतर पुनर्वास और व्हाट्सएप चैटबॉट के माध्यम से आम जनता की सीधी भागीदारी हिमाचल को पूरी तरह नशामुक्त बनाने में मील का पत्थर साबित होगी।