खेतों में जहर, मिट्टी की सेहत बेहाल और खेती की लागत आसमान पर! आखिर आधुनिक खेती के नाम पर किसान किस दिशा में बढ़ रहा है? यूरिया-डीएपी और महंगे कीटनाशकों के बढ़ते इस्तेमाल के बीच गुजरात के राज्यपाल एवं हिमाचल के पूर्व राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने शिमला में एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। उन्होंने जैविक और प्राकृतिक खेती को एक समझने वालों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि पहले दोनों का अंतर समझिए, फिर खेती पर फैसला कीजिए। उन्होंने अपने कुरुक्षेत्र फार्म का उदाहरण देकर दावा किया कि मात्र 3 हजार रुपये प्रति एकड़ खर्च में 30 से 32 क्विंटल धान पैदा किया जा सकता है। साथ ही पानी की खपत भी आधी रह सकती है। उन्होंने रासायनिक खेती पर बढ़ती निर्भरता, मिट्टी में घटते ऑर्गेनिक कार्बन और खाद आयात पर होने वाले भारी खर्च को लेकर गंभीर चिंता जताई। उनका संदेश साफ है - खेती बचानी है तो धरती की सेहत बचानी होगी। पढ़ें विस्तार से.
शिमला: रासायनिक खेती के बढ़ते इस्तेमाल, मिट्टी की घटती उर्वरता, गिरते भूजल स्तर और खाद्य पदार्थों में रासायनिक अवशेषों को लेकर चिंता के बीच गुजरात के राज्यपाल एवं हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने प्राकृतिक खेती को देश के कृषि भविष्य का महत्वपूर्ण विकल्प बताया है। उन्होंने दो टूक कहा कि प्राकृतिक खेती को लेकर किसानों और यहां तक कि कृषि वैज्ञानिकों के बीच भी कई तरह के भ्रम हैं। सबसे बड़ा भ्रम यह है कि रासायनिक खाद और कीटनाशकों का इस्तेमाल बंद करने से उत्पादन घट जाएगा। आचार्य देवव्रत ने स्पष्ट किया कि जैविक खेती और प्राकृतिक खेती को एक ही नजर से देखना गलत है। दोनों पद्धतियों में जमीन-आसमान का अंतर है और प्राकृतिक खेती का सही मॉडल अपनाने पर उत्पादन घटने के बजाय लागत कम करने तथा मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने के बेहतर परिणाम मिल सकते हैं।
शिमला में पत्रकारों से बातचीत के दौरान आचार्य देवव्रत ने हिमाचल प्रदेश में अपने चार वर्ष के राज्यपाल कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि प्राकृतिक खेती के जिस अभियान को उन्होंने हिमाचल की देवभूमि से आगे बढ़ाया था, आज वह देश के विभिन्न राज्यों में विस्तार ले रहा है। हिमाचल की जनता, किसानों और पत्रकारों से मिले सहयोग को याद करते हुए उन्होंने कहा कि इस मिशन की मूल आधारशिला हिमाचल प्रदेश की पावन धरती रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल आना उनके लिए अपने मायके लौटने जैसा सुखद अनुभव है।
हिमाचल से शुरू हुआ अभियान, गुजरात में 9 लाख किसान जुड़े
आचार्य देवव्रत ने बताया कि हिमाचल प्रदेश आने से पहले वह कुरुक्षेत्र स्थित गुरुकुल के खेतों में प्राकृतिक खेती का प्रयोग कर रहे थे। वहां प्रयोग के दौरान उन्होंने पाया कि उत्पादन में कमी आए बिना खेती की लागत काफी कम की जा सकती है और पानी की खपत में भी लगभग 50 प्रतिशत तक बचत संभव है। इसी अनुभव के आधार पर उन्होंने हिमाचल में अपने कार्यकाल के अंतिम दो वर्षों में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने का अभियान शुरू किया।
उन्होंने कहा कि उस समय तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस अभियान के लिए आर्थिक सहायता और सहयोग दिया। उन्हें खुशी है कि वर्तमान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार भी इस मिशन को आगे बढ़ा रही है। आचार्य देवव्रत ने इसे राजनीति से ऊपर उठकर मानव स्वास्थ्य, पर्यावरण और किसान हित में चलाया जा रहा अभियान बताया।
उन्होंने कहा कि गुजरात में अब तक लगभग 9 लाख किसान प्राकृतिक खेती अपना चुके हैं। आंध्र प्रदेश में यह संख्या लगभग 15 लाख है, जबकि हिमाचल प्रदेश में उनके अनुसार दो से ढाई लाख किसान इस दिशा में काम कर रहे हैं। पूरे देश में लगभग 40 से 50 लाख किसान प्राकृतिक खेती से जुड़ चुके हैं।
जैविक और प्राकृतिक खेती में जमीन-आसमान का अंतर, किसानों का भ्रम दूर करें वैज्ञानिक
प्रेस वार्ता के दौरान प्राकृतिक खेती के शुरुआती वर्षों में उत्पादन घटने की आशंका और किसानों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को लेकर पत्रकारों ने सवाल उठाए। इस पर आचार्य देवव्रत ने कहा कि सबसे पहले जैविक खेती और प्राकृतिक खेती के बीच का अंतर समझना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि पिछले 30-40 वर्षों से देश में जैविक खेती यानी ऑर्गेनिक फार्मिंग का प्रचार किया जा रहा है। जैविक खेती में कई बार बाहरी इनपुट पर निर्भरता रहती है। किसानों को भारी मात्रा में गोबर की खाद, ट्राइकोडर्मा और विभिन्न जैविक उत्पादों की व्यवस्था करनी पड़ती है। इसके लिए बाजार पर निर्भर रहना पड़ता है और लागत भी बढ़ सकती है।
इसके विपरीत प्राकृतिक खेती में किसान अपने खेत और घर में उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करता है। इसके लिए देसी गाय का गोबर, गौमूत्र, थोड़ा बेसन, गुड़ और खेत की मिट्टी से जीवामृत तथा अन्य प्राकृतिक मिश्रण तैयार किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती का आधार मिट्टी में मौजूद सूक्ष्म जीवाणुओं को सक्रिय करना है, न कि बाजार से महंगे उत्पाद खरीदकर खेती करना।
आचार्य देवव्रत ने कहा कि जब तक कृषि वैज्ञानिक और किसान इन दोनों पद्धतियों के बीच का वास्तविक अंतर नहीं समझेंगे, तब तक यह भ्रम बना रहेगा कि रासायनिक खादों को छोड़ने से देश का खाद्यान्न उत्पादन गिर जाएगा।
कुरुक्षेत्र के 200 एकड़ फार्म का उदाहरण, 3000 रुपये लागत में 30 से 32 क्विंटल धान का दावा
प्राकृतिक खेती से उत्पादन घटने की आशंका को खारिज करते हुए आचार्य देवव्रत ने कुरुक्षेत्र स्थित गुरुकुल के अपने 200 एकड़ के फार्म का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि वहां गेहूं, धान, गन्ना, सरसों, सब्जियों और फलों सहित विभिन्न फसलों की प्राकृतिक खेती की जाती है। एक प्लॉट में सेब भी उगाया गया है।
उन्होंने पिछले वर्ष की धान की खेती का उदाहरण देते हुए कहा कि लगभग 100 एकड़ में प्राकृतिक पद्धति से धान पैदा किया गया। इस धान में से गुरुकुल के लगभग 5000 बच्चों की जरूरत के लिए चावल रखने के बाद शेष उत्पादन बाजार में बेचा गया।
उनके अनुसार, प्राकृतिक खेती में प्रति एकड़ धान उत्पादन की लागत लगभग 3000 रुपये आई, जबकि रासायनिक खेती करने वाले किसान का खर्च 20 से 25 हजार रुपये तक पहुंचता है। उन्होंने दावा किया कि उनके खेत में प्रति एकड़ 30 से 32 क्विंटल धान पैदा हुआ, जबकि रासायनिक खेती में उत्पादन 28 से 30 क्विंटल के आसपास रहा। इसके अलावा प्राकृतिक खेती में लगभग 50 प्रतिशत पानी की बचत भी हुई।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्राकृतिक खेती में लागत इतनी कम है और उत्पादन भी बेहतर मिल रहा है तो किसान को नुकसान कैसे होगा? उनके अनुसार, प्राकृतिक खेती का सबसे बड़ा आर्थिक लाभ यही है कि किसान की बाहरी संसाधनों पर निर्भरता और खेती की लागत कम होती है।
जंगल के पेड़ों से सीखें प्रकृति का विज्ञान, बिना यूरिया-डीएपी के भी मिल रहा पोषण
प्राकृतिक खेती के सिद्धांतों को समझाते हुए आचार्य देवव्रत ने जंगलों का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि जंगलों में न कोई यूरिया डालने जाता है, न डीएपी, न कीटनाशक और न ही कोई गोबर की खाद डालता है। वहां पेड़ों को नियमित सिंचाई भी नहीं की जाती, फिर भी मौसम आने पर पेड़ फलों से लद जाते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रकृति ने मिट्टी और पेड़-पौधों के बीच ऐसा संतुलन बनाया है, जिसके कारण जंगलों में पेड़-पौधों को आवश्यक पोषक तत्व मिलते रहते हैं। मिट्टी में मौजूद सूक्ष्म जीवाणु और प्राकृतिक प्रक्रियाएं इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। मनुष्य ने खेती के नाम पर प्रकृति के इस संतुलन से छेड़छाड़ की है और अब मिट्टी की गुणवत्ता लगातार प्रभावित हो रही है।
उन्होंने किसानों से प्रकृति के इसी विज्ञान को समझने और खेती में अपनाने का आह्वान किया।
प्राकृतिक खेती के पांच सिद्धांत, इन्हें अपनाए बिना न करें दावे
आचार्य देवव्रत ने कहा कि प्राकृतिक खेती केवल रासायनिक खाद और कीटनाशक बंद करने का नाम नहीं है। इसके पांच प्रमुख सिद्धांत हैं और इनका विधिवत पालन करना जरूरी है।
पहला बीजामृत है, जिसके माध्यम से बीजों को बोने से पहले संस्कारित किया जाता है। दूसरा घनजीवामृत है, जो मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने में सहायक होता है। तीसरा जीवामृत है, जिसका उपयोग सिंचाई के पानी के साथ अथवा छिड़काव के रूप में किया जाता है।
चौथा सिद्धांत आच्छादन यानी मल्चिंग है। इसमें खेत की मिट्टी को फसल अवशेषों और जैविक पदार्थों से ढककर रखा जाता है, जिससे नमी बनी रहती है और मिट्टी का तापमान नियंत्रित रहता है। पांचवां सिद्धांत बहुफसली खेती यानी मल्टी क्रॉपिंग है। इसमें एक ही खेत में अलग-अलग प्रकार की फसलें एक साथ उगाई जाती हैं।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि गेहूं के साथ चना, सरसों, मूली, गाजर और अन्य सब्जियां उगाई जा सकती हैं। उनके अनुसार, जब किसान प्राकृतिक खेती के इन पांचों सिद्धांतों को सही तरीके से अपनाता है, तभी इसके वास्तविक परिणाम सामने आते हैं।
सेब की खेती में भी प्राकृतिक मॉडल सफल होने का दावा
हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था में सेब की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए पत्रकारों ने बागवानी में प्राकृतिक खेती की व्यवहारिकता पर सवाल उठाए। इस पर आचार्य देवव्रत ने कहा कि प्राकृतिक खेती केवल गेहूं, धान और सब्जियों तक सीमित नहीं है। सेब सहित सभी प्रकार के फल और बागवानी फसलों में इसे अपनाया जा सकता है।
उन्होंने नौणी स्थित बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति राजेश्वर सिंह चंदेल और कृषि विभाग के अधिकारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके हिमाचल छोड़ने के बाद भी प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में अच्छा काम हुआ है।
उन्होंने दावा किया कि हिमाचल में ऐसे मॉडल मौजूद हैं, जहां प्राकृतिक खेती अपनाने के बाद सेब की गुणवत्ता और उत्पादन में सुधार हुआ है। उन्होंने विश्वविद्यालय के प्राकृतिक खेती से तैयार उत्पादों की अच्छी कीमत पर बिक्री का उदाहरण देते हुए कहा कि बाजार में उत्पाद की स्वीकार्यता भी इसकी सफलता का प्रमाण है।
निमाटोड और मिलीबग के नियंत्रण के लिए बताए प्राकृतिक उपाय
सेब के बागानों में निमाटोड और मिलीबग जैसी समस्याओं का उल्लेख करते हुए आचार्य देवव्रत ने कहा कि प्राकृतिक खेती में कीटों और रोगों के नियंत्रण के लिए अग्निअस्त्र, नीमास्त्र, ब्रह्मास्त्र, सोंठास्त्र और दशपर्णी जैसे पारंपरिक मिश्रण तैयार किए जाते हैं।
उन्होंने दावा किया कि अग्निअस्त्र और नीमास्त्र के नियमित प्रयोग से निमाटोड जैसी समस्या को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है। वहीं मिलीबग के लिए उन्होंने देसी गाय के गौमूत्र और पानी को बराबर मात्रा में मिलाकर छिड़काव करने का अपना अनुभव साझा किया।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती में स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक ज्ञान का उपयोग करके किसानों को महंगे कीटनाशकों पर निर्भरता कम करने का अवसर मिलता है।
मिट्टी का ऑर्गेनिक कार्बन घटने पर जताई चिंता, अपने खेत का आंकड़ा भी रखा
आचार्य देवव्रत ने मिट्टी के ऑर्गेनिक कार्बन को खेती की वास्तविक ताकत बताते हुए कहा कि मिट्टी की गुणवत्ता जितनी बेहतर होगी, उसकी उत्पादन क्षमता भी उतनी ही मजबूत होगी। उन्होंने दावा किया कि रासायनिक खेती पर अत्यधिक निर्भरता से मिट्टी का प्राकृतिक संतुलन प्रभावित हुआ है।
उन्होंने अपने कुरुक्षेत्र स्थित फार्म का उदाहरण देते हुए बताया कि लगभग 12 वर्ष पहले वहां मिट्टी में ऑर्गेनिक कार्बन की मात्रा 0.234 प्रतिशत थी, जो प्राकृतिक खेती के प्रयोगों के बाद बढ़कर लगभग 1.7 प्रतिशत तक पहुंच गई।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती अपनाने से मिट्टी में सूक्ष्म जीवाणुओं की सक्रियता बढ़ती है और धरती की प्राकृतिक उर्वरता में सुधार होता है। इसके विपरीत रासायनिक खादों पर लगातार निर्भरता मिट्टी को कमजोर कर सकती है।
कैंसर और दूसरी बीमारियों पर रसायनों के प्रभाव को लेकर जताई चिंता
हिमाचल प्रदेश में सेब उत्पादक क्षेत्रों में कीटनाशकों के इस्तेमाल और कैंसर के बढ़ते मामलों से जुड़े सवाल पर आचार्य देवव्रत ने कहा कि कैंसर और दूसरी गंभीर बीमारियों में वृद्धि के कई कारण हो सकते हैं। उन्होंने पर्यावरण प्रदूषण और खाद्य पदार्थों में रासायनिक अवशेषों की मौजूदगी को भी गंभीर चिंता का विषय बताया।
उन्होंने कहा कि यूरिया, डीएपी और कीटनाशकों का अत्यधिक इस्तेमाल केवल खेतों तक सीमित समस्या नहीं है। इसका प्रभाव मिट्टी, पानी, पर्यावरण और खाद्य श्रृंखला पर पड़ सकता है। उन्होंने पक्षियों की कई प्रजातियों के लुप्त होने और पशुओं में बीमारियों का उल्लेख करते हुए कहा कि खेती की मौजूदा पद्धति पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि लोगों को शुद्ध भोजन उपलब्ध करवाने और आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए जहरमुक्त खेती को बढ़ावा देना समय की मांग है।
हरित क्रांति के योगदान को सराहा, लेकिन अब रासायनिक निर्भरता कम करने की जरूरत
आचार्य देवव्रत ने हरित क्रांति के जनक डॉ. एमएस स्वामीनाथन के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उस समय देश में खाद्यान्न उत्पादन बढ़ाना आवश्यक था। हरित क्रांति ने देश की खाद्य जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हालांकि, उन्होंने कहा कि शुरुआत में जिस सीमित रासायनिक उपयोग को उत्पादन बढ़ाने के लिए अपनाया गया था, वह धीरे-धीरे खेती की स्थायी निर्भरता बन गया। आज किसान पहले की तुलना में कहीं अधिक मात्रा में यूरिया और डीएपी का इस्तेमाल कर रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि इस निर्भरता का परिणाम मिट्टी में ऑर्गेनिक कार्बन की कमी और उत्पादन लागत में वृद्धि के रूप में सामने आ रहा है। उन्होंने किसानों से खेती की पद्धति में बदलाव लाने और मिट्टी की सेहत को प्राथमिकता देने की अपील की।
विदेशों से खाद आयात पर ढाई लाख करोड़ रुपये खर्च होने का किया उल्लेख
आचार्य देवव्रत ने प्राकृतिक खेती को देश की आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ते हुए कहा कि रासायनिक उर्वरकों के आयात और सब्सिडी पर देश को भारी आर्थिक बोझ उठाना पड़ता है। उन्होंने पिछले वर्ष लगभग ढाई लाख करोड़ रुपये विदेशों में खर्च होने का आंकड़ा प्रस्तुत करते हुए कहा कि यदि किसान प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ते हैं तो इस निर्भरता को कम किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि खेती में रासायनिक खादों पर खर्च होने वाली रकम के अलावा बीमारियों के इलाज पर होने वाला खर्च भी देश की अर्थव्यवस्था पर भारी पड़ता है। उनके अनुसार, स्वस्थ नागरिक, सुरक्षित पर्यावरण और आत्मनिर्भर किसान विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
गुजरात में 1500 केंद्र, किसानों को उत्पाद बेचने के लिए मिल रहा मंच
प्राकृतिक खेती के उत्पादों के बाजार और उचित कीमत के सवाल पर आचार्य देवव्रत ने गुजरात सरकार की पहल का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि गुजरात में लगभग 1500 केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां प्राकृतिक खेती करने वाले किसान अपने उत्पाद बेच सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को उचित बाजार उपलब्ध करवाना और उपभोक्ताओं तक प्राकृतिक खेती के उत्पाद पहुंचाना है। कई किसान ऐसे भी हैं, जिनके खेतों से लोग सीधे उत्पाद खरीदने पहुंचते हैं।
उन्होंने प्राकृतिक और जैविक उत्पादों के नाम पर बाजार में कई गुना अधिक कीमत वसूलने की प्रवृत्ति का विरोध किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती का उद्देश्य आम जनता को महंगा भोजन उपलब्ध करवाना नहीं, बल्कि कम लागत में गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना होना चाहिए।
देसी गायों की उपलब्धता और नस्ल सुधार पर भी दिया जोर
हिमाचल में पहाड़ी गायों की घटती संख्या और जर्सी नस्ल की गायों पर निर्भरता का सवाल उठने पर आचार्य देवव्रत ने कहा कि प्राकृतिक खेती में देसी गाय का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने बताया कि उनके हिमाचल कार्यकाल के दौरान कई किसान हरियाणा और राजस्थान से साहिवाल तथा थारपारकर नस्ल की गाय लेकर आए थे।
उन्होंने गुजरात में सेक्स-सॉर्टेड सीमन की सुविधा का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां सरकार किसानों को लगभग 50 रुपये में यह सुविधा उपलब्ध करवा रही है। इससे उन्नत नस्ल की बछड़ियां पैदा करने की संभावना बढ़ती है और किसानों को दूध के साथ गोबर तथा गौमूत्र से भी आर्थिक लाभ मिल सकता है।
किसानों से अपील, कुल जमीन का एक चौथाई हिस्सा जहरमुक्त खेती के लिए रखें
प्रेस वार्ता के अंत में आचार्य देवव्रत ने किसानों से निराश होने के बजाय छोटे स्तर से प्राकृतिक खेती शुरू करने की अपील की। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ की आबादी वाले देश में खेती की पूरी व्यवस्था बदलने में समय लगेगा। कोई भी बड़ा अभियान एक दिन में सफल नहीं होता।
उन्होंने किसानों को सुझाव दिया कि अपनी कुल कृषि भूमि को चार हिस्सों में बांटकर कम से कम एक हिस्से में परिवार और बच्चों के लिए प्राकृतिक एवं जहरमुक्त खेती शुरू करें। जब इसके सकारात्मक परिणाम दिखाई दें तो धीरे-धीरे इसका दायरा बढ़ाएं।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती केवल फसल उगाने की तकनीक नहीं, बल्कि मिट्टी, पानी, पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य को बचाने का अभियान है। किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, विश्वविद्यालयों और सरकारों को मिलकर इस दिशा में काम करना होगा।
आचार्य देवव्रत का स्पष्ट संदेश था कि खेती का उद्देश्य केवल अधिक उत्पादन लेना नहीं, बल्कि ऐसी धरती तैयार करना भी होना चाहिए जो आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ भोजन और सुरक्षित पर्यावरण दे सके। अब सवाल यह है कि कृषि व्यवस्था रासायनिक निर्भरता से बाहर निकलकर प्रकृति के साथ संतुलन बनाने की दिशा में कितनी तेजी से आगे बढ़ती है।