ऊना (हिमाचल प्रदेश): हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीरनिगाह क्षेत्र में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक तीन पहिया मॉडिफाइड बाइक रेहड़ी तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में पंजाब के कपूरथला निवासी एक बुजुर्ग महिला और तीन साल के मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हुए हैं।
तीखे मोड़ पर खोया नियंत्रण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंजाब के कपूरथला से करीब आठ लोग एक मॉडिफाइड बाइक (रेहड़ी) पर सवार होकर पीरनिगाह में माथा टेकने आए थे। शनिवार सुबह धार्मिक स्थल पर दर्शन करने के बाद सभी लोग वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बाइक रेहड़ी अचानक पलट गई। हादसे के दौरान वाहन में सवार लोग बुरी तरह इसकी चपेट में आ गए, जिससे महिला और बच्चे ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में सभी पांच घायलों को घटनास्थल से रेस्क्यू कर उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां फिलहाल उनका इलाज जारी है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक (SP) सचिन हिरेमठ ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही सदर पुलिस की टीम को तुरंत घटनास्थल पर भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटी है। इसके लिए अस्पताल में भर्ती घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मृतकों की विस्तृत पहचान जुटाई जा रही है।
