मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां के शिकंद्रा गांव में गलती से जहरीला पदार्थ निगलने से 49 वर्षीय एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी 23 वर्षीय बेटी अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है और पुलिस ने मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी है।

अचानक बिगड़ी मां-बेटी की तबीयत
यह हृदयविदारक घटना सरकाघाट उपमंडल की धनालग पंचायत के शिकंद्रा गांव की है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब आठ बजे सुमा देवी (49) पत्नी हेम सिंह और उनकी 23 वर्षीय बेटी की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। दोनों की हालत तेजी से खराब होती देख परिवार के लोग घबरा गए। महिला के पति हेम सिंह बिना समय गंवाए दोनों को अपने निजी वाहन से श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (नेरचौक) ले गए।

अस्पताल में मां को किया गया मृत घोषित
नेरचौक अस्पताल पहुंचने पर जब चिकित्सकों ने सुमा देवी की जांच की, तो उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, गंभीर हालत में लाई गई उनकी 23 वर्षीय बेटी को तुरंत वार्ड में भर्ती कर उसका इलाज शुरू कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल बेटी की हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों ने किस परिस्थिति में और कौन सा जहरीला पदार्थ निगला।

प्रथम दृष्टया गलती से जहर खाने की आशंका
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी सरकाघाट संजीव गौतम ने बताया कि परिजनों के बयानों के आधार पर शुरुआती जांच में यही सामने आ रहा है कि मां-बेटी ने किसी वजह से गलती से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया है।

सभी पहलुओं की हो रही जांच
पुलिस इस मामले को पूरी गंभीरता से ले रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे इस घटना से जुड़े सभी पहलुओं और हर एंगल से बारीकी से जांच कर रहे हैं। जांच की प्रक्रिया पूरी होने और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही इस बात का पूरी तरह से खुलासा हो सकेगा कि घटना के वास्तविक कारण क्या थे।