शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले की टिक्कर तहसील के अंतर्गत दरोटी गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा उस समय पेश आया जब एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से गहरी खाई में जा गिरी। मृतकों में स्थानीय निवासी मां-बेटे के अलावा तीन नेपाली मूल के नागरिक शामिल हैं।

मृतकों की पहचान दरोटी गांव निवासी कुशल (पुत्र प्रमोद) और उनकी मां कल्पना देवी (पत्नी प्रमोद) के रूप में हुई है। इनके अलावा हादसे में जान गंवाने वाले तीन अन्य लोगों में निर्मला (पत्नी पवन), मीना (पत्नी प्रेम) और रोशनी (पुत्री प्रेम) शामिल हैं, जो नेपाल के रहने वाले थे। दुर्घटना में घायल हुए एक अन्य नेपाली मजदूर की हालत नाजुक बनी हुई है, जिसे स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए शिमला रेफर कर दिया गया है।

टिक्कर की तहसीलदार प्रियंजली और नायब तहसीलदार मेहर सिंह फिष्टा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को फौरी राहत के तौर पर 15-15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों को नियमानुसार हरसंभव मदद उपलब्ध करवाई जा रही है।
एक ही हादसे में पांच लोगों की असमय मौत और एक ही परिवार से मां-बेटे का साया उठ जाने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस भीषण दुर्घटना की सूचना मिलते ही दरोटी गांव सहित पूरे इलाके में मातम पसर गया है और स्थानीय लोग इस घटना से गहरे सदमे में हैं।
