हिमाचल प्रदेश में दीपावली के शुष्क और साफ मौसम के बाद अब एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, आज 9 नवंबर को प्रदेश में मौसम मुख्यतः साफ रहेगा, लेकिन 10 नवंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होने जा रहा है।

इस पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 10 से 14 नवंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने के प्रबल आसार हैं। मौसम विभाग ने विशेष रूप से 12 और 13 नवंबर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे आगामी दिनों में पूरे प्रदेश में ठंड का प्रकोप काफी बढ़ जाएगा।
लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू, चंबा और शिमला के ऊपरी इलाकों में ताजा हिमपात होने की संभावना जताई गई है। यह बारिश और बर्फबारी जहां एक ओर लंबे समय से सूखे की मार झेल रहे किसानों और सेब बागवानों के लिए संजीवनी साबित होगी, वहीं पर्यटन कारोबार को भी इससे नई रफ्तार मिलेगी।
प्रशासन ने संभावित खराब मौसम को देखते हुए स्थानीय लोगों और बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। ऊंचाई वाले दर्रों और फिसलन भरी सड़कों पर अनावश्यक यात्रा से बचने तथा मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही सफर करने की अपील की गई है।