राजनीति और अर्थनीति की नब्ज़ पर सटीक हाथ रखने का दावा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर देश के सामने भविष्य का बड़ा संकेत छोड़ा है। पहले सरकारी कंपनियों (PSUs) के शेयरों में उछाल और फिर सोने (Gold) की कीमतों में आई नरमी का श्रेय लेने के बाद, अब पीएम मोदी ने युवाओं और रोज़गार बाज़ार को लेकर एक दो-टूक चेतावनी और भविष्यवाणी कर दी है।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने सीधे तौर पर उन आलोचकों को निशाने पर लिया, जिन्होंने कभी उनके आर्थिक आकलन पर सवाल उठाए थे। 2023 के संसदीय भाषण की याद दिलाते हुए उन्होंने कहा, "आज मीडिया और सोशल मीडिया में इस बात की ज़ोरदार चर्चा है कि मोदी ने संसद में सरकारी कंपनियों के शेयरों में पैसा लगाने को कहा था। उस वक्त मेरा मज़ाक उड़ाया गया, लेकिन आज इतिहास गवाह है कि जिन्होंने भरोसा कर पैसा लगाया, वे मालामाल हो गए।"
बाज़ार के दूसरे बड़े ट्रेंड यानी सोने की कीमतों में गिरावट को भी पीएम मोदी ने जनता के भरोसे से जोड़ा। पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के एक आह्वान पर देश द्वारा एक वक्त का खाना छोड़ने की ऐतिहासिक मिसाल देते हुए मोदी ने कहा कि आज भी देश का चरित्र वही है। उन्होंने दो टूक कहा, "एक साल पहले मैंने देशवासियों से आग्रह किया था कि ज़रूरत न हो तो सोना मत खरीदिए। लोगों ने मेरी बात मानी, खरीदारी कम की और नतीजा यह हुआ कि सोने के दाम टूट गए। आज लोग खुद कह रहे हैं कि आपकी बात मानकर हमारे पैसे बच गए।"
अपनी दो बातों के सच साबित होने की पृष्ठभूमि तैयार करने के बाद पीएम मोदी ने सबसे तीखा और दूरगामी संदेश दिया। पारंपरिक शिक्षा और दिखावे की संस्कृति पर सीधा प्रहार करते हुए उन्होंने कहा:
"मैं आज एक और बात कहने जा रहा हूँ। आप लिखकर रख लीजिए—वक्त बदल रहा है। ये कागज़ी सर्टिफिकेट लेकर, कोट-पैंट-टाई पहनकर घूमने वाले लोगों से ज़्यादा अब हुनर वालों की कद्र होने वाली है। जिसके पास कौशल है, जिसके पास हुनर है, बाज़ार में उसी की मांग बढ़ने वाली है।"
पीएम मोदी का यह बयान महज़ एक भाषण नहीं, बल्कि बदलती वैश्विक अर्थव्यवस्था के बीच देश के युवाओं के लिए एक 'वेक-अप कॉल' है। एक तरफ़ जहाँ उन्होंने PSU और गोल्ड के ज़रिए अपनी नीतियों और जनता के बीच के सीधे संवाद (Connect) की ताकत दिखाई, वहीं दूसरी तरफ़ साफ़ कर दिया कि आने वाले दौर में सिर्फ़ किताबी डिग्रियां रोज़गार की गारंटी नहीं होंगी—बाज़ार में वही टिकेगा जिसके हाथों में असली काम और हुनर होगा।