भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों, इलेक्ट्रॉनिक्स और आधुनिक तकनीक के बढ़ते बाजार के बीच रेयर अर्थ मैग्नेट का महत्व तेजी से बढ़ रहा है। इसी दिशा में सरकारी कंपनी कोल इंडिया ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। कंपनी अब रेयर अर्थ परमानेंट मैग्नेट के निर्माण की योजना पर आगे बढ़ रही है।
कोल इंडिया को भारी उद्योग मंत्रालय से रेयर अर्थ परमानेंट मैग्नेट निर्माण सुविधा स्थापित करने के लिए लेटर ऑफ इंटेंट प्राप्त हुआ है। इसके लिए कंपनी एनएफटीडीसी के साथ मिलकर एक विशेष प्रयोजन कंपनी (SPV) स्थापित करेगी।
प्रस्तावित परियोजना की उत्पादन क्षमता 1, 200 टन प्रतिवर्ष रखी गई है। परियोजना को पूरा करने के लिए सात वर्ष की समयसीमा निर्धारित की गई है।
रेयर अर्थ मैग्नेट का इस्तेमाल इलेक्ट्रिक वाहनों, पवन ऊर्जा संयंत्रों, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और कई आधुनिक औद्योगिक तकनीकों में होता है। भारत में इनकी घरेलू उत्पादन क्षमता विकसित करना रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस परियोजना का उद्देश्य महत्वपूर्ण औद्योगिक सामग्रियों के लिए विदेशी आपूर्ति पर निर्भरता कम करना और देश में विनिर्माण क्षमता को मजबूत करना है। हालांकि परियोजना का वास्तविक उत्पादन शुरू होने में अभी समय लगेगा।