सोलन: (HD News); हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के कंडाघाट उपमंडल में लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिससे हजारों लोगों के सामने पेयजल संकट खड़ा हो गया है। सेरी नाले में अज्ञात लोगों द्वारा भारी मात्रा में चिकन का कचरा (अवशेष) फेंके जाने के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर तीन प्रमुख पेयजल योजनाओं की आपूर्ति को तत्काल प्रभाव से रोक दिया है। यह नाला आगे गंभर नदी में मिलता है, जो इस पूरे क्षेत्र की जीवनरेखा मानी जाती है।
प्रशासन के इस फैसले से कंडाघाट उपमंडल के लगभग 5, 000 से 6, 000 स्थानीय निवासी सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं। गंभीर नदी कंडाघाट के करीब आधे ग्रामीण इलाकों में पीने के पानी का मुख्य स्रोत है। गौरतलब है कि जिस स्थान पर यह कचरा फेंका गया है, वह हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल के आवास के भी काफी करीब है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

जल शक्ति विभाग और स्थानीय प्रशासन ने पानी के दूषित होने की आशंका के चलते सप्लाई बंद करने का कदम उठाया है ताकि किसी भी तरह की संक्रामक बीमारी को फैलने से रोका जा सके। अधिकारियों ने पानी के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि जब तक पानी की जांच रिपोर्ट पूरी तरह सुरक्षित नहीं आ जाती, तब तक इन तीनों योजनाओं से जलापूर्ति बहाल नहीं की जाएगी।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष देखा जा रहा है और वे जल स्रोतों को प्रदूषित करने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस और प्रशासन अब आसपास के इलाकों में जांच कर रहे हैं कि यह कचरा किसने और कब फेंका। फिलहाल प्रभावित गांवों में वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए पानी पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।