"राजधानी शिमला में पड़ोसियों की दबंगई और पुलिस की बेरुखी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। विकासनगर में एक दंपति पर बैट और डंडों से हमला हुए 19 दिन बीत चुके हैं, लेकिन छोटा शिमला पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। अब बेखौफ आरोपियों की धमकियों से आहत पीड़ित परिवार ने SP शिमला के दरबार में न्याय की गुहार लगाई है। क्या है पूरा मामला, सुनिए पीड़ित की जुबानी—"
शिमला। राजधानी शिमला के उपनगर विकासनगर में एक परिवार पर पड़ोसियों द्वारा किए गए जानलेवा हमले और उसके बाद पुलिस की कथित लापरवाही का सनसनीखेज मामला सामने आया है। विकासनगर स्थित काली माता मंदिर के समीप दीवान भवन निवासी रविंद्र शर्मा और उनकी पत्नी रीना शर्मा पर पड़ोसियों ने बैट और डंडों से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि 4 नवंबर को छोटा शिमला थाना (थाना पूर्व) में शिकायत दर्ज करवाने और मेडिकल मुआयना होने के 19 दिन बाद भी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित रविंद्र शर्मा के अनुसार, 4 नवंबर की रात करीब 8:00 बजे उन्होंने अपने घर पर पेंट करवाने के मद्देनजर अपनी 7 वर्षीय बेटी खुशी को पड़ोस में रहने वाली पिंकी देवी और उनके पति राजेंद्र के घर भेजा। बेटी के माध्यम से यह आग्रह किया गया था कि उनके घर के बाहर से गुजर रही पड़ोसियों की बिजली की तार को थोड़ा साइड कर दिया जाए ताकि अगले दिन (5 नवंबर) पेंट का काम सुचारू रूप से हो सके।
आरोप है कि इस सामान्य से आग्रह पर पड़ोसी भड़क गए। पिंकी देवी, उनके पति राजेंद्र, बेटे शिवम और एक अन्य बेटे ने बाहर आकर गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी बैट और डंडे लेकर रविंद्र शर्मा के घर के गेट पर आ धमके और जबरन अंदर घुसने की कोशिश करने लगे।
बैट के हमले से पत्नी का हाथ कटा, पीड़ित की पीठ पर गहरी चोटें
रविंद्र शर्मा ने बताया कि जब उन्होंने अपने बच्चों की सुरक्षा के लिए गेट को रोकने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उन पर और उनकी पत्नी रीना शर्मा पर हमला बोल दिया। बैट के प्रहार से रीना शर्मा के दाहिने हाथ (बाजू) में गहरा कट लग गया और काफी खून बहा, जबकि रविंद्र शर्मा की पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद दोनों पति-पत्नी ने छोटा शिमला थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने बीएनएस (BNS) की धारा 115(2) के तहत रपट (G.D. No. 040) दर्ज कर दोनों का डीडीयू (DDU) अस्पताल शिमला में मेडिकल करवाया।
थाने पर 'लीपापोती' का आरोप, जान से मारने की मिल रही धमकियां
पीड़ित रविंद्र शर्मा ने छोटा शिमला पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए मामले में लीपापोती करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना को 19 दिन बीत चुके हैं, लेकिन जांच अधिकारी (ASI रूपलाल) के छुट्टी पर होने का हवाला देकर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है।
रविंद्र शर्मा का आरोप है कि पुलिस की ढिलाई के कारण आरोपियों के हौसले बुलंद हैं। आरोपी शिवम, राजेंद्र और पिंकी उन्हें रोजाना जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। पीड़ित के मुताबिक, आरोपी खुलेआम तंज कसते हैं कि "थाने में शिकायत करके तूने क्या बिगाड़ लिया" और उन पर हंसते हैं। इसके अलावा, पड़ोसियों ने जबरदस्ती उनकी बालकनी से रास्ता बना लिया है और वहां रखा सामान भी फेंक देते हैं।
एसपी शिमला से लगाई न्याय की गुहार
लगातार मिल रही धमकियों और छोटा शिमला पुलिस की बेरुखी से आहत रविंद्र शर्मा ने अब पुलिस अधीक्षक (SP) शिमला से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने मीडिया के माध्यम से जिला प्रशासन से भी गुहार लगाई है कि उनके परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा हमलावरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।