शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला स्थित एक निजी होटल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां एक 26 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक युवक की पहचान रामपुर उपमंडल के ननखड़ी क्षेत्र स्थित करांगला गांव निवासी उमेश सिंगला (26) के रूप में हुई है। घटना के सामने आने के बाद मृतक के परिजनों में भारी रोष है। मृतक के मामा देवीलाल ने होटल प्रशासन और युवक के साथ ठहरे अन्य लोगों पर गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि जिस समय यह घटना घटित हुई, उस वक्त होटल के कमरे में उमेश के अलावा एक युवती और तीन अन्य युवक भी मौजूद थे।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि उमेश की मौत देर रात ही हो चुकी थी, लेकिन इसके बावजूद न तो होटल प्रबंधन ने और न ही कमरे में साथ मौजूद लोगों ने समय रहते पुलिस या परिजनों को इसकी सूचना दी। घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद सुबह 6 बजे के बाद पुलिस को इस बारे में सूचित किया गया, जिससे पूरे मामले पर संदेह गहरा गया है।
उधर, शोकाकुल परिजनों ने प्रशासन और पुलिस से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष व गहन जांच करने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है और साथ ठहरे लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। इस दुखद घटना के बाद मृतक के पैतृक क्षेत्र ननखड़ी में शोक की लहर दौड़ गई है।