हमीरपुर: (HD News); हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में कुत्तों के काटने (डॉग बाइट) के मामलों में रिकॉर्ड तोड़ बढ़ोतरी ने स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय लोगों की नींद उड़ा दी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, इस साल के शुरुआती 10 महीनों में ही जिले में 5, 876 लोगों को कुत्तों ने काटा है। यानी जिले में हर दिन औसतन 19 लोग डॉग बाइट का शिकार होकर अस्पताल पहुंच रहे हैं।
हैरानी की बात यह है कि यह समस्या केवल आवारा कुत्तों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि पालतू कुत्तों के काटने के मामले भी तेजी से बढ़े हैं। कुल 5, 876 मामलों में से 3, 863 घटनाएं आवारा कुत्तों की हैं, जबकि 2, 013 लोगों को पालतू कुत्तों ने अपना शिकार बनाया है। पिछले साल (2025) के मुकाबले यह आंकड़ा कई गुना अधिक है, जब पूरे वर्ष में कुल 1, 551 मामले ही दर्ज किए गए थे।

स्थानीय निवासियों ने नगर निगम और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए चुप्पी साधने का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि हमीरपुर-सुजानपुर मुख्य मार्ग और अणू चौक जैसे व्यस्त इलाकों में आवारा कुत्तों के झुंड घूमते रहते हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों का पैदल चलना मुश्किल हो गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए हमीरपुर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. सतीश कुमार ने आम जनता के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने अपील की है कि कुत्ते के काटने या हल्की खरोंच को भी नजरअंदाज न करें और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर एंटी-रेबीज वैक्सीन का पूरा कोर्स लगवाएं, क्योंकि रेबीज एक जानलेवा बीमारी है जिससे केवल समय पर इलाज से ही बचा जा सकता है।
(ADVT2