शिमला: हिमाचल प्रदेश की जिला शिमला से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां नारकंडा में सेब के बगीचे में काम करने गए बाप-बेटा पेड़ की चपेट में आ गए हैं। इस घटना में एक की मौत हो गई है। जबकि, दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बाप-बेटा सेब के बगीचे में कटाई का काम कर रहे थे। घायल व्यक्ति को उपचार के लिए IGMC शिमला में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना नारकंडा के एकांतबाड़ी में एक बगीचे में पेश आई है। जहां सुरेश वर्मा के सेब के बगीचे में बाप-बेटा कटाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक सेब का पेड़ जड़ से उखड़ गया और उन पर गिर गया। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं, घटनास्थल पर मौजूद लोगों और परिजनों द्वारा तुरंत दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए ठियोग अस्पताल ले जाया गया। जहां मौजूद डॉक्टरों द्वारा बाप को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि, बेटे को प्राथमिक उपचार देने के बाद डॉक्टरों ने उसे IGMC शिमला रेफर कर दिया। घायल की हालत भी नाजुक बताई जा रही है।
मृतक की पहचान तिल बहादुर (58) और घायल की पहचान कर्ण बहादुर (30) के रूप में हुई है। दोनों बाप-बेटा मूल रूप से नेपाली हैं। वर्तमान मे दोनों बाप-बेटा कंडयाली में रहते थे बगीचे में काम करते थे। सूचना के मुताबिक शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।