शिमला: (HD News); हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने प्रदेश और देशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। अपने बधाई संदेश में उन्होंने कहा कि हम जहां एक ओर 'आज़ादी का अमृत महोत्सव' मना रहे हैं, वहीं हमारा देश अब वैश्विक स्तर पर शिखर की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि आज हम खुली हवा में सांस ले पा रहे हैं और अपने अधिकारों की बात कर रहे हैं, तो यह केवल हमारे स्वतंत्रता सेनानियों की महान कुर्बानियों की बदौलत ही संभव हो पाया है।

स्वतंत्रता संग्राम में हिमाचल के ऐतिहासिक योगदान का जिक्र करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि आज़ादी की लड़ाई का पहला बिगुल हिमाचल प्रदेश में ही फूंका गया था। इतिहास इस बात का गवाह है कि वर्ष 1848 में वजीर राम सिंह पठानिया ने ब्रिटिश शासन के खिलाफ पहले संगठित विद्रोह का नेतृत्व किया था और मुट्ठी भर साथियों के साथ अंग्रेजी साम्राज्य की नींव हिलाकर रख दी थी। इसके पश्चात वर्ष 1857 में मंगल पांडे ने पूरी आक्रामकता के साथ जिस आज़ादी की लड़ाई का बिगुल बजाया था, उसे हमारे लाखों स्वतंत्रता सेनानियों ने 15 अगस्त, 1947 को अंजाम तक पहुंचाया।

देश के युवाओं को संबोधित करते हुए पठानिया ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को हमारे देश के उन स्वतंत्रता सेनानियों पर गर्व होना चाहिए, जिन्होंने देश को गुलामी की बेड़ियों से मुक्त कराने के लिए हंसते-हंसते अपनी जान दे दी। उन्होंने प्रदेश और देश के युवाओं का आह्वान किया कि उन्हें अपने राष्ट्र के प्रति सचेत और कर्तव्यनिष्ठ रहना चाहिए तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदार बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज हम सभी को राजगुरू, सुखदेव और भगत सिंह की शहादत को सलाम करना चाहिए तथा पंडित जवाहर लाल नेहरू, मौलाना अबुल कलाम आजाद, बाल गंगाधर तिलक और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की कुर्बानियों को स्मरण करना चाहिए।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने सभी देशवासियों के सुखद और समृद्ध जीवन की कामना करते हुए सभी को राष्ट्र हित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। गौरतलब है कि कुलदीप सिंह पठानिया इस वर्ष जिला बिलासपुर में आयोजित होने वाले 80वें जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
