हिमाचल प्रदेश की चौदहवीं विधानसभा के 12वें सत्र (मॉनसून सत्र) की कार्यवाही शुक्रवार को विधिवत रूप से शुरू हो गई। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सचिवालय परिसर में औपचारिक सलामी लेने और स्वागत के उपरांत सदन के पहले दिन की कार्यवाही का संचालन किया। सत्र के आरंभ में स्पीकर ने अपने आसन से सभी सदस्यों को विधायी नियमावली और संसदीय परंपराओं से अवगत करवाते हुए सदन के सुचारू संचालन का आह्वान किया। सदन की कार्यवाही से पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और वरिष्ठ मंत्रियों ने विधानसभा अध्यक्ष से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। पढ़ें विस्तार से..
शिमला :(HD News); हिमाचल प्रदेश की चौदहवीं विधानसभा का 12वां सत्र (मॉनसून सत्र) शुक्रवार को विधिवत रूप से शुरू हो गया। सत्र के पहले दिन की कार्यवाही का संचालन करने के लिए जब विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया विधानसभा सचिवालय पहुंचे, तो उनका औपचारिक स्वागत किया गया और उन्होंने सचिवालय परिसर में सलामी ली। इस दौरान प्रदेश सरकार के उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने स्पीकर को गुलदस्ता भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

सदन शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री व मंत्रियों की शिष्टाचार भेंट
सदन की कार्यवाही शुरू होने से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय कक्ष में मुलाकातों का दौर चला। प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने संसदीय कार्यमंत्री हर्षवर्धन चौहान के साथ स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को गुलदस्ता भेंट कर उनका सम्मान किया।
इसके उपरांत उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी स्पीकर से मुलाकात की। इस अवसर पर उनके साथ संसदीय कार्यमंत्री हर्षवर्धन चौहान और कृषि मंत्री चंद्र कुमार भी मौजूद रहे।

सदन में नियमावली से कराया अवगत
इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने आसन ग्रहण कर सदन के पहले दिन की कार्यवाही का संचालन किया। सत्र की शुरुआत में स्पीकर ने अपने आसन से सभी विधानसभा सदस्यों को सदन की नियमावली और संसदीय परंपराओं से अवगत करवाया तथा सदन की कार्यवाही को सुचारू रूप से चलाने में सहयोग का आह्वान किया।
