राजधानी शिमला के दो नामी निजी स्कूलों दयानंद पब्लिक स्कूल और डीएवी न्यू शिमला को बम से उड़ाने की ईमेल धमकी मिलते ही शहर में भारी हड़कंप मच गया। सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों में तुरंत आपातकालीन छुट्टी घोषित कर परिसरों को खाली करवा लिया गया है, जबकि पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर मोर्चा संभालकर सघन तलाशी अभियान चला रहे हैं। पढ़े विस्तार से..
शिमला (HD News): राजधानी शिमला एक बार फिर दहशत के साए में है। शहर के दो प्रतिष्ठित निजी स्कूलों—कालीबाड़ी स्थित दयानंद पब्लिक स्कूल और न्यू शिमला स्थित डीएवी (DAV) स्कूल—को अज्ञात स्रोत से ईमेल भेजकर बम से उड़ाने की सनसनीखेज धमकी दी गई है। एक साथ दो बड़े शिक्षण संस्थानों को निशाना बनाए जाने की इस सूचना से पुलिस महकमे और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया।

धमकी भरा ईमेल मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने बिना कोई जोखिम लिए तत्काल आपातकालीन छुट्टी का ऐलान कर दिया। आनन-फानन में बच्चों को कक्षाओं से बाहर निकाला गया और पूरे परिसर को खाली करा लिया गया। स्कूल की ओर से जैसे ही अभिभावकों के फोन पर अचानक छुट्टी का संदेश पहुंचा, परिजनों के हाथ-पांव फूल गए। कुछ ही मिनटों के भीतर दोनों स्कूलों के गेट पर अपने बच्चों की सलामती को लेकर बदहवास पहुंचे परिजनों का हुजूम उमड़ पड़ा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने फौरन मोर्चा संभाल लिया। एएसपी शिमला सिटी मेहर पंवर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल, बम निरोधक दस्ता (Bomb Squad) और डॉग स्क्वायड मौके पर तैनात कर दिए गए हैं। पूरे परिसर की घेराबंदी कर एक-एक कोने और संदिग्ध वस्तु की बारीकी से मेटल डिटेक्टरों से जांच की जा रही है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शुरुआती तौर पर यह किसी असामाजिक तत्व की शरारत हो सकती है, लेकिन सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। साइबर सेल की टीम धमकी भरे ईमेल के आईपी एड्रेस और सर्वर रूट को ट्रैक करने में जुट गई है। पुलिस ने शहरवासियों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने और संयम बरतने की अपील की है। सर्च ऑपरेशन फिलहाल जारी है।