शिमला: (HD News); राजधानी शिमला स्थित चम्याणा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में बुनियादी सुविधाओं के अभाव और वहां चल रहे 'जंगल में लंगर' के लिए जगह न मिलने को लेकर 'ऑलमाइटी ब्लेसिंग्स' संस्था के संस्थापक सरबजीत सिंह बॉबी ने प्रशासन और सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखा प्रहार किया है। शिमला में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बॉबी ने कहा कि अस्पताल के भीतर के वार्ड और ऑपरेशन थिएटर तो बेहद शानदार बना दिए गए हैं, लेकिन बाहर की व्यवस्था तय करने वालों ने बुनियादी सुविधाओं के बारे में सोचा तक नहीं। उन्होंने सवाल उठाया कि आईजीएमसी में जहां 20 एंबुलेंस खड़ी रहती हैं, वहीं चम्याणा जैसे बड़े संस्थान में एक भी एंबुलेंस, पार्किंग, सड़क, बिजली के खंभे या बस स्टॉप तक की उचित व्यवस्था नहीं है।

चम्याणा में जारी अपनी सेवा का जिक्र करते हुए सरबजीत सिंह बॉबी ने बताया कि पिछले वर्ष 27 अक्टूबर को शुरू किया गया उनका लंगर आज 'जंगल में लंगर' के नाम से जाना जाता है, जहां रोजाना मरीज धूल-मिट्टी और सड़क पर बैठकर भोजन करने को मजबूर हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी अदालत का दरवाजा नहीं खटखटाया, बल्कि माननीय उच्च न्यायालय ने स्वयं संज्ञान लेते हुए तीन बार आदेश दिए हैं कि अस्पताल के पास उपलब्ध 200 बीघा से अधिक जमीन में से संस्था को लंगर के लिए जगह दी जाए। बॉबी ने कहा कि हाई कोर्ट को हर महीने सुनवाई कर बिजली, सड़क, पार्किंग और बसों की सुविधा देने के निर्देश देने पड़ रहे हैं, जो प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है।
दूर-दराज से आने वाले मरीजों की पीड़ा साझा करते हुए उन्होंने कहा कि चंबा, हमीरपुर और किन्नौर से आने वाले गरीब मरीजों का पूरा दिन आईजीएमसी से चम्याणा के बीच 11 किलोमीटर का सफर तय करने और यह पता लगाने में बीत जाता है कि उनका इलाज कहां होगा। आईजीएमसी के पांच विभाग पहले ही शिफ्ट हो चुके हैं, पांच और होने वाले हैं तथा भविष्य में दस अन्य विभाग भी वहां जाएंगे। बॉबी ने कहा कि विभागों को वापस लाना अब संभव नहीं है, इसलिए सरकार वहां 24 घंटे बस व एंबुलेंस सेवा के साथ रोजमर्रा की जरूरत की कम से कम दस दुकानें खोले, ताकि अचानक भर्ती होने वाले मरीजों को कंबल, तौलिया और तकिया आसानी से मिल सके।

अस्पताल में तीमारदारों की दयनीय स्थिति उजागर करते हुए बॉबी ने बताया कि वहां भर्ती 200 से 250 मरीजों के परिजन आज बेड के नीचे सोने को विवश हैं। अपना निजी अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि जब वे खुद जांच करवाने चम्याणा गए थे, तो अस्पताल की एकमात्र कैंटीन में सुबह के नाश्ते के नाम पर केवल बर्गर उपलब्ध था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अस्पताल कोई पिकनिक स्पॉट नहीं है, बल्कि वहां आने वाला हर मरीज और तीमारदार पीड़ित है। उन्होंने मांग की कि बड़े और वरिष्ठ डॉक्टरों को मेडिकल सुपरिंटेंडेंट (एमएस) या प्रिंसिपल बनाकर प्रशासनिक कार्यों में उलझाने के बजाय विभागाध्यक्ष (एचओडी) बनाया जाए और अस्पताल की बुनियादी व्यवस्थाएं संभालने के लिए किसी योग्य सीईओ की नियुक्ति की जाए।
सरबजीत सिंह बॉबी ने जानकारी दी कि इसी विषय को लेकर उन्होंने सुबह मुख्यमंत्री के प्रमुख मीडिया सलाहकार नरेश चौहान से मुलाकात कर हाथ जोड़कर अस्थायी शेड देने का निवेदन किया है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार कोर्ट के आदेशानुसार एक अस्थायी शेड दे दे, जिसे जरूरत पड़ने पर आगे-पीछे खिसकाया जा सके, तो वे आईजीएमसी से भोजन तैयार कर वहां लाते रहेंगे। बॉबी ने यह भी कहा कि यदि कोई अन्य संस्था भी चम्याणा में लंगर लगाना चाहती है तो सरकार उसे भी जगह दे, क्योंकि चंडीगढ़ के खुले मौसम के विपरीत शिमला की कड़ाके की ठंड और बारिश में खुले आसमान के नीचे भोजन करना असंभव है।
