शिमला, ब्यूरो। 'ऑलमाइटी ब्लेसिंग्स' संस्था के संस्थापक सरबजीत सिंह बॉबी की निस्वार्थ मानव सेवा को अब राष्ट्रीय स्तर पर भी बड़ी सराहना मिली है। शिमला में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बॉबी ने मशहूर टीवी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' (केबीसी) के 18वें सीजन में शामिल होने और महानायक अमिताभ बच्चन से हुई मुलाकात के अविस्मरणीय अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि बीते 10 नवंबर को मुंबई में इस विशेष एपिसोड की शूटिंग हुई, जिसका प्रसारण आज रात सोनी चैनल और सोनी लिव पर किया जाएगा, और इसका प्रोमो स्वयं अमिताभ बच्चन ने शूट किया है।

बॉबी ने बताया कि शो के दौरान दर्शकों के बीच बैठे होने पर अमिताभ बच्चन ने उन्हें मंच पर आमंत्रित किया और एक विशेष रील के माध्यम से उनकी 28 वर्षों की समाज सेवा—जिसमें डेड बॉडी वैन सेवा, निःशुल्क लंगर और मंडी, सिराज व कुल्लू की आपदा के दौरान किए गए राहत कार्य शामिल हैं—को देश के सामने रखा। शो की समय-सीमा के बावजूद अमिताभ जी ने अत्यंत आत्मीयता से उनकी पूरी बात सुनी और सेवा कार्यों के लिए उन्हें विशेष सम्मान से नवाजा।
प्रेस वार्ता में बॉबी ने एक भावुक किस्सा साझा करते हुए बताया कि शूटिंग समाप्त होने के बाद वे तब हैरान रह गए जब अमिताभ बच्चन ने उनसे ठेठ पंजाबी में संवाद शुरू किया और कहा, "तुसी कित्थों आए हो, की करदे हो, सारा कुछ दस्सो, अपना अकाउंट नंबर ही मैनूं दयो ताकि मैं अपने चैनल के माध्यम नाल..."। इसके तुरंत बाद अमिताभ जी ने अपने निजी सचिव को बुलाकर बॉबी का फोन नंबर, बैंक खाता विवरण और आगामी सेवा प्रोजेक्ट्स की जानकारी नोट करवाई, ताकि वे इसे अपनी आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा कर सकें।

करीब चार घंटे तक अमिताभ बच्चन के सानिध्य में रहे सरबजीत सिंह बॉबी ने कहा कि 80-85 वर्ष की आयु में भी उनकी ऊर्जा, अनुशासन और विनम्रता अद्भुत है। उन्होंने बताया कि पिछले 26 वर्षों से चल रहे इस शो के 18वें सीजन की चार घंटे की लगातार शूटिंग के दौरान एक भी कट या रीटेक नहीं हुआ। सेट पर मौजूद 200 से 250 मेहमानों और 50 सदस्यों की प्रोडक्शन टीम के बीच अमिताभ बच्चन बच्चों के साथ बच्चे और बुजुर्गों के साथ बुजुर्ग बनकर जिस सहजता से मिले, वह हर किसी के लिए प्रेरणादायी है।
इस राष्ट्रीय सम्मान का श्रेय आम जनता को देते हुए सरबजीत सिंह बॉबी ने सिर झुकाकर उन सभी सहयोगियों और दानदाताओं का आभार व्यक्त किया, जो पिछले 12 वर्षों से लगातार उनकी लंगर सेवा के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि शिमला और हिमाचल प्रदेश की उस संवेदनशील जनता का है, जिनके सहयोग से हर दिन हजारों भूखे और जरूरतमंद लोगों की थाली में भोजन पहुंच रहा है।
