शिमला: (HD News); 'ऑलमाइटी ब्लेसिंग्स' के संस्थापक सरबजीत सिंह बॉबी ने प्रदेश सरकार के 'सरकार आपके द्वार' कार्यक्रम की सराहना करते हुए मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों को एक अनूठी चुनौती दी है। शिमला में प्रेस वार्ता के दौरान बॉबी ने कहा कि गांवों में जाकर लोगों के घरों में रुकने से वहां सड़क और बिजली की व्यवस्था सुधरती है, जो एक अच्छा कदम है, लेकिन सरकार के प्रतिनिधि एक रात बिना किसी वीआईपी प्रोटोकॉल और बिना आईएएस-एचएएस अधिकारियों के चम्याणा, आईजीएमसी और केएनएच अस्पताल में भी बिताएं। उन्होंने कहा कि ऐसा करने पर ही हुक्मरानों को मरीजों और तीमारदारों की असली जमीनी हकीकत का अंदाजा हो पाएगा।
अस्पताल परिसरों में निजी कंपनियों के एजेंटों की सक्रियता पर गंभीर सवाल उठाते हुए बॉबी ने कहा कि कार्डियोलॉजी विभाग के बाहर हृदय के स्टंट बेचने वाले और ऑर्थो विभाग के बाहर हड्डियों की रॉड व प्लेट बेचने वाले एजेंट खुलेआम बैठे रहते हैं। ये एजेंट लाचार मरीजों पर अपनी कंपनी का महंगा सामान खरीदने का दबाव बनाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे डॉक्टरों को दोष नहीं देते क्योंकि हर संस्थान में 80 से 95 प्रतिशत लोग ईमानदार हैं, लेकिन अस्पताल के भीतर इन एजेंटों को बैठने की अनुमति किसने दी, यह जांच का विषय है।
इस गोरखधंधे को रोकने का सुझाव देते हुए बॉबी ने कहा कि सरकार को अस्पताल परिसर के भीतर ही स्टंट और इंप्लांट की अधिकृत दुकानें खोलनी चाहिए, जहां मरीज दरों की तुलना (रेट कंपैरिजन) कर सकें। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन करने वाला डॉक्टर खुद दुकान नहीं चला सकता और बाहर सामान्य मेडिकल स्टोर पर स्टंट उपलब्ध नहीं होते, जिसका सीधा फायदा ये एजेंट उठाते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री और मंत्रियों से आग्रह किया कि वे शिमला से हमीरपुर जैसे दौरों के दौरान रास्ते में पड़ने वाले सरकारी अस्पतालों और स्कूलों का औचक निरीक्षण करें।

सरकार के साथ अपने संबंधों पर स्थिति स्पष्ट करते हुए बॉबी ने कहा कि वे किसी सरकार के विरोधी नहीं हैं और न ही रिज मैदान पर धरना-प्रदर्शन करने के पक्ष में हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की प्रशंसा करते हुए याद किया कि जब उनकी संस्था की बिजली 18 महीनों से कटी हुई थी, तब मुख्यमंत्री से पहली मुलाकात में ही उन्होंने एक फोन घुमाकर एक मिनट में बिजली और पांच मिनट में पानी का कनेक्शन जुड़वा दिया था। बॉबी ने कहा कि उनसे भी सेवा कार्यों में गलतियां हो सकती हैं जिसके लिए वे क्षमाप्रार्थी हैं, लेकिन जनता पांच साल बाद काम का हिसाब जरूर याद रखती है।
राजनीति में आने और चुनाव लड़ने की अटकलों पर विराम लगाते हुए सरबजीत सिंह बॉबी ने मंच से दो टूक कहा कि उनका फिलहाल चुनाव लड़ने का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने स्वीकार किया कि पिछली बार उनके मन में यह विचार आया था और सबसे पहला नामांकन पत्र भी उन्होंने ही लिया था, लेकिन इस बार ऐसा कोई इरादा नहीं है हालांकि उन्होंने चुटकी लेते हुए यह भी जोड़ा कि "दिमाग खराब होने में समय नहीं लगता"। अंत में उन्होंने संस्था के सचिव सहित सभी मीडिया कर्मियों का आभार जताया।