किसी के लिए रोटी का एक टुकड़ा मामूली हो सकता है, लेकिन किसी भूखे के लिए वही जिंदगी का सबसे बड़ा सहारा बन जाता है। किसी लावारिस शव को सम्मान के साथ अंतिम विदाई देना शायद दुनिया की नजर में छोटा काम हो, लेकिन इंसानियत की कसौटी पर इससे बड़ा कोई धर्म नहीं। शिमला के सरबजीत सिंह बॉबी ने अपने जीवन के करीब तीन दशक इसी सोच के नाम कर दिए। उनकी इसी निस्वार्थ सेवा के आगे जब सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने 'कौन बनेगा करोड़पति' के मंच पर हाथ जोड़कर सिर झुकाया और कहा कि 'मैं आपका आशीर्वाद लेने आया हूं', तो यह सिर्फ एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि मानवता और सेवा भावना का पूरे देश के सामने हुआ अभिनंदन था। शिमला की गलियों से उठी इंसानियत की यह आवाज अब KBC के महामंच से देश-दुनिया तक पहुंच गई है। पढ़ें पूरी खबर...
शिमला के 35 हजार स्कूली बच्चों की पहल से हर सप्ताह जुटती हैं एक लाख रोटियां, तीन अस्पतालों में रोजाना 4 हजार लोगों को मिल रहा निःशुल्क भोजन; करीब 7 हजार लावारिस शवों का कर चुके हैं सम्मानजनक अंतिम संस्कार
शिमला: (HD News); देवभूमि हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में मानवता और निस्वार्थ सेवा की जो मिसाल पिछले करीब तीन दशकों से कायम है, उसकी गूंज अब देश के सबसे लोकप्रिय टेलीविजन शो 'कौन बनेगा करोड़पति' (KBC) के मंच तक पहुंच गई है। ऑलमाइटी ब्लेसिंग्स संस्था के संस्थापक सरबजीत सिंह बॉबी के सेवाभाव और उनके असाधारण सामाजिक योगदान को सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने पूरे देश के सामने प्रस्तुत किया। शो के विशेष खंड 'फोर्स फॉर गुड हीरोज' के तहत बॉबी की प्रेरणादायक जीवन यात्रा और सेवा कार्यों पर आधारित विशेष वीडियो दिखाया गया, जिसने न केवल दर्शकों को भावुक किया, बल्कि मानवता के प्रति समाज की जिम्मेदारी का भी एहसास कराया।
कार्यक्रम में दिखाई गई वीडियो प्रस्तुति में सरबजीत सिंह बॉबी के जीवन का वह पहलू सामने आया, जिसने उन्हें समाज के जरूरतमंद लोगों के लिए अपना जीवन समर्पित करने की प्रेरणा दी। बॉबी ने बताया कि अस्पतालों में इलाज के लिए आने वाले मरीजों के तीमारदारों को भोजन के अभाव में मरीजों की बची हुई थालियों से खाना खाते देख उनका मन भीतर तक व्यथित हो गया था। इसी पीड़ा ने उन्हें जरूरतमंदों के लिए निःशुल्क भोजन सेवा शुरू करने के लिए प्रेरित किया। वर्ष 2014 में सुबह महज दो घंटे की चाय, बिस्किट और दलिये की सेवा से शुरू हुआ यह प्रयास आज एक बड़े जनसेवा अभियान का रूप ले चुका है।
सरबजीत सिंह बॉबी की सेवा केवल भूखों को भोजन कराने तक सीमित नहीं रही। उन्होंने समाज के उस वर्ग के लिए भी जिम्मेदारी उठाई, जिसे अक्सर लोग देखने तक से कतराते हैं। लावारिस शवों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार करने की उनकी पहल मानवता की सबसे संवेदनशील मिसालों में से एक है। बॉबी ने बताया कि वर्ष 1998 में महज 24-25 वर्ष की उम्र में उन्होंने नगर निगम के माध्यम से मिलने वाले लावारिस शवों का अंतिम संस्कार करना शुरू किया था। आज तकरीबन 7, 000 शवों को वह अपने हाथों से मुखाग्नि दे चुके हैं। उनके अनुसार, अंतिम संस्कार के बाद पीड़ित परिवारों और अपनों को खो चुके लोगों के जुड़े हुए हाथ ही उनके लिए सबसे बड़ा आशीर्वाद और सेवा का वास्तविक प्रतिफल हैं।
वीडियो समाप्त होने के बाद KBC का पूरा स्टूडियो तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। दर्शक दीर्घा में मौजूद सरबजीत सिंह बॉबी का अमिताभ बच्चन ने 'सत श्री अकाल' कहकर आत्मीय स्वागत किया। बॉबी के कार्यों से प्रभावित महानायक ने स्वीकार किया कि उनकी सेवा की कहानी सुनकर हर कोई भावुक है। कार्यक्रम के दौरान दोनों के बीच हुआ संवाद भी दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
बॉबी ने बताया कि उनकी ओर से शुरू की गई लंगर सेवा का विस्तार आज शिमला के तीन प्रमुख अस्पतालों तक हो चुका है। यहां पूरे दिन जरूरतमंद मरीजों और उनके तीमारदारों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध करवाया जाता है। उनके मुताबिक, इस सेवा के माध्यम से प्रतिदिन करीब 4, 000 लोग भोजन प्राप्त करते हैं। एक छोटे से प्रयास का हजारों लोगों की जरूरत बन जाना अपने आप में सामूहिक संवेदनशीलता और सामाजिक सहयोग की बड़ी मिसाल है।
इस सेवा अभियान का सबसे अनूठा और प्रेरक पक्ष शिमला के स्कूली बच्चों की भागीदारी है। सरबजीत सिंह बॉबी ने बताया कि शहर के करीब 35, 000 स्कूली बच्चे अपने टिफिन के साथ एक-दो अतिरिक्त रोटियां लेकर आते हैं। बच्चों की इसी छोटी-सी पहल से प्रत्येक सप्ताह लगभग एक लाख रोटियां एकत्रित होती हैं, जो जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाई जाती हैं। यह पहल बताती है कि समाज में बदलाव के लिए हमेशा बड़े संसाधनों की जरूरत नहीं होती, बल्कि संवेदनशील सोच और छोटी-छोटी भागीदारी भी हजारों लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकती है।
सरबजीत सिंह बॉबी के सेवा कार्यों से गहराई से प्रभावित अमिताभ बच्चन ने KBC के मंच से देशभर के लोगों से अपील की कि वे इस लंगर सेवा में अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करें, ताकि जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने का यह अभियान निरंतर जारी रह सके। इस पर बॉबी ने विनम्रता से कहा कि वाहेगुरु की कृपा से यह सेवा कभी नहीं रुकती और वह तो केवल अमिताभ बच्चन का आशीर्वाद लेने के लिए यहां आए हैं।
बॉबी की इस बात पर अमिताभ बच्चन का जवाब पूरे कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण बन गया। महानायक ने दोनों हाथ जोड़कर सिर झुकाया और कहा कि वह आशीर्वाद देने के योग्य नहीं हैं, बल्कि स्वयं सरबजीत सिंह बॉबी का आशीर्वाद लेने आए हैं। एक ओर देश के महानायक का यह सम्मान और दूसरी ओर एक समाजसेवी की सहज विनम्रता ने मंच पर मौजूद लोगों को भावविभोर कर दिया।
दरअसल, सरबजीत सिंह बॉबी की कहानी किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि भर नहीं है, बल्कि यह उस मानवीय संवेदना की कहानी है, जो किसी अनजान व्यक्ति की भूख को अपनी परेशानी और किसी लावारिस शव की अंतिम विदाई को अपना कर्तव्य समझती है। शिमला से शुरू हुई यह सेवा आज हजारों लोगों के जीवन का सहारा बनी हुई है। KBC के मंच पर अमिताभ बच्चन द्वारा उनके सम्मान में हाथ जोड़ना इस बात का प्रतीक बन गया कि वास्तविक महानता पद, प्रतिष्ठा और लोकप्रियता से नहीं, बल्कि समाज के प्रति समर्पण और इंसानियत के लिए किए गए कार्यों से तय होती है।
सरबजीत सिंह बॉबी की कहानी हमें यह सोचने पर मजबूर करती है कि आखिर इंसान की असली पहचान क्या है? धन-दौलत, पद और प्रतिष्ठा या फिर किसी अनजान की तकलीफ को अपना समझने का जज्बा? करीब 7, 000 लावारिस शवों को सम्मानजनक अंतिम विदाई देना और प्रतिदिन हजारों जरूरतमंदों की भूख मिटाना इस बात का प्रमाण है कि इंसानियत आज भी जिंदा है। खास बात यह है कि इस मुहिम में शिमला के हजारों स्कूली बच्चे भी अपनी छोटी-छोटी रोटियों के जरिए भागीदार बन रहे हैं। अमिताभ बच्चन का उनके सामने हाथ जोड़ना एक ऐसा संदेश दे गया, जो हर समाज और हर पीढ़ी के लिए प्रेरणा है—महानता इस बात में नहीं कि दुनिया आपको कितना जानती है, बल्कि इस बात में है कि आपके होने से कितने लोगों की जिंदगी बेहतर होती है। सचमुच, सरबजीत सिंह बॉबी ने साबित कर दिया कि सेवा से बड़ा कोई धर्म और मानवता से बड़ा कोई परिचय नहीं होता।