मुर्गीपालन कारोबार को बर्ड फ्लू के खतरे से बचाने की दिशा में भारत ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। देश में मुर्गियों के लिए विकसित स्वदेशी H5N1 वैक्सीन को 20 नवंबर को राष्ट्र को समर्पित किए जाने का कार्यक्रम निर्धारित है। इससे पोल्ट्री उद्योग को भविष्य में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

इस वैक्सीन को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के अंतर्गत राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (ICAR-NIHSAD), भोपाल के वैज्ञानिकों ने विकसित किया है।
यह वैक्सीन H5N1 अत्यधिक रोगजनक एवियन इन्फ्लुएंजा वायरस के क्लेड 2.3.2.1a को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। बर्ड फ्लू का संक्रमण पोल्ट्री उद्योग के लिए गंभीर आर्थिक संकट पैदा कर सकता है।

इसका शुभारंभ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा भोपाल स्थित संस्थान में किए जाने का कार्यक्रम है।भारत में पोल्ट्री उद्योग लाखों किसानों, छोटे कारोबारियों और इससे जुड़े श्रमिकों की आजीविका का आधार है। बर्ड फ्लू के प्रकोप से मुर्गियों की मृत्यु, बिक्री पर प्रतिबंध और बाजार में मांग प्रभावित होने जैसी समस्याएं पैदा होती हैं।
स्वदेशी वैक्सीन के विकास को पशु स्वास्थ्य सुरक्षा और घरेलू वैज्ञानिक क्षमता की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। हालांकि इसके प्रभावी उपयोग के लिए टीकाकरण नीति और सरकारी दिशा-निर्देशों की भूमिका अहम रहेगी।
