शिमला: हिमाचल प्रदेश में नशा माफिया की कमर तोड़ने के लिए शिमला पुलिस ने अब तक की सबसे सख्त कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है। रामपुर में दर्ज एनडीपीएस (NDPS) मामले की तफ्तीश के दौरान पुलिस ने नशे की काली कमाई से खड़ी की गई 1.38 करोड़ रुपये से अधिक की चल संपत्ति को सीज और फ्रीज कर दिया है। इस पूरे सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस अब तक 38 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा चुकी है।

बैंक खातों और यूपीआई से खुला डेढ़ करोड़ के संदिग्ध लेन-देन का राज
एएसपी शिमला सिटी मेहर पंवर ने इस बड़ी कार्रवाई का खुलासा करते हुए बताया कि वर्ष 2026 में की गई गहन वित्तीय जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों और उनके करीबियों के बैंक खातों, यूपीआई ट्रांजेक्शन, आयकर रिटर्न (ITR), राजस्व और परिवहन विभाग के रिकॉर्ड खंगाले। जांच में मुख्य आरोपी संदीप शाह और उसके सहयोगियों के खातों में यूपीआई व अन्य माध्यमों से डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध लेन-देन पकड़े गए हैं।
लग्जरी गाड़ियां, ट्रक और आईफोन जब्त
वित्तीय जांच में 6 आरोपियों और उनके 6 सहयोगियों समेत कुल 12 लोगों के नाम पर करोड़ों की अवैध संपत्ति का पता चला। जब ये लोग अपनी आय का वैध स्रोत नहीं बता पाए, तो पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68ई और 68एफ(1) के तहत सख्त एक्शन लिया। सीज की गई संपत्तियों में भारी ट्रक, टिप्पर, कई लग्जरी गाड़ियां और दो एप्पल आईफोन शामिल हैं।

27 ग्राम चिट्टे से शुरू हुई जांच ने खोली सिंडिकेट की परतें
गौरतलब है कि इस पूरे नेटवर्क का सुराग 3 मार्च 2025 को मिला था, जब कुढीधार क्रशर के पास गश्त के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध वाहन से करसोग निवासी सोहन लाल और उसकी पत्नी गीता श्रेष्ठ को करीब 27 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ दबोचा था। 4 मार्च को रामपुर थाने में केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने नशा तस्करी के 'बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज' को जोड़ते हुए पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया।
2026 में अब तक 14 करोड़ की अवैध संपत्ति जब्त
एएसपी मेहर पंवर ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शिमला पुलिस केवल तस्करों को जेल भेजने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी अवैध आर्थिक ताकत को भी जड़ से खत्म कर रही है। आंकड़ों के मुताबिक, साल 2026 में अकेले जिला शिमला में एनडीपीएस आरोपियों और उनके मददगारों की 14 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति सीज की जा चुकी है।

पुलिस कांस्टेबल भर्ती: 27 नवंबर से भराड़ी में शुरू होगा फिजिकल टेस्ट
शिमला: जिला शिमला में पुलिस कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एएसपी शिमला सिटी मेहर पंवर ने जानकारी दी कि अभ्यर्थियों के लिए शारीरिक दक्षता (PET) और शारीरिक मानक परीक्षण (PST) 27 नवंबर से 5 दिसंबर तक पुलिस लाइन्स भराड़ी में आयोजित किए जाएंगे।
9, 151 अभ्यर्थी आजमाएंगे किस्मत
इस चरणबद्ध भर्ती प्रक्रिया में कुल 9, 151 अभ्यर्थी मैदान में उतरेंगे, जिनमें 6, 444 पुरुष और 2, 707 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। पुलिस प्रशासन ने पूरी भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी रखने के लिए कड़े इंतजाम किए हैं।
अभ्यर्थियों के लिए जरूरी निर्देश
पुलिस ने सभी उम्मीदवारों को हिदायत दी है कि वे अपने ई-कॉल लेटर पर दिए गए दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ें और निर्धारित तिथि को सभी मूल दस्तावेजों के साथ समय पर पुलिस लाइन्स भराड़ी पहुंचें।
