शिमला: (HD News); हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में बच्चों के लिए दोपहर का भोजन तैयार करने वाले हजारों मिड-डे मील कुक-कम-हेल्परों को शिक्षा विभाग ने बड़ी राहत दी है। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने 27 नवंबर 2026 को नए आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि वर्करों को सालाना मिलने वाला 55, 000 रुपये का मानदेय अब 12 महीनों के बजाय पुरानी व्यवस्था के तहत 10 शैक्षणिक महीनों में ही दिया जाएगा।
स्कूल शिक्षा निदेशालय हिमाचल प्रदेश की ओर से राज्य के सभी जिला उपनिदेशकों (प्रारंभिक शिक्षा) और खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों (BEEOs) को इस संबंध में आधिकारिक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जारी पत्र में कहा गया है कि विभाग द्वारा 24 सितंबर 2026 को मानदेय वितरण को लेकर जारी किए गए पिछले आदेशों को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है।

गौरतलब है कि शिक्षा निदेशालय ने 24 सितंबर को एक आदेश जारी कर मिड-डे मील वर्करों के सालाना 55, 000 रुपये के मानदेय को 10 महीनों के बजाय 12 बराबर मासिक किश्तों में देने का प्रावधान किया था। इस व्यवस्था के लागू होने से वर्करों का मासिक मानदेय घटकर लगभग 4, 583 रुपये प्रति माह रह गया था, जिसका प्रदेश भर में भारी विरोध शुरू हो गया था।
हिमाचल प्रदेश मिड-डे मील वर्कर यूनियन (संबद्ध सीटू) और प्रदेश के हजारों कुक-कम-हेल्परों ने सरकार और शिक्षा निदेशालय के इस फैसले के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। यूनियन ने चेतावनी दी थी कि यदि 12 महीने की इस नई प्रणाली को वापस लेकर पुरानी व्यवस्था बहाल नहीं की गई, तो प्रदेशव्यापी आंदोलन तेज किया जाएगा।
वर्करों के लगातार विरोध और उनकी जायज मांगों पर विचार करते हुए अब शिक्षा निदेशालय ने अपना पुराना फैसला पलट दिया है। नए आदेशों के लागू होने के बाद अब कुक-कम-हेल्परों को पूर्व की भांति 10 शैक्षणिक महीनों तक प्रति माह पूरे 5, 500 रुपये की दर से मानदेय का भुगतान किया जाएगा।
विभागीय नियमावली के अनुसार, इस 5, 500 रुपये के मासिक मानदेय में केंद्र और राज्य सरकार के 90:10 अनुपात वाले मूल हिस्से के तहत 1, 000 रुपये प्रति माह (10 महीनों के 10, 000 रुपये) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, राज्य सरकार की ओर से दिए जाने वाले टॉप-अप हिस्से के तहत 4, 500 रुपये प्रति माह (10 महीनों के 45, 000 रुपये) का भुगतान किया जाता है, जिससे कुल वार्षिक राशि 55, 000 रुपये बनती है।
शिक्षा निदेशालय के इस ताजा फैसले से हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कार्यरत हजारों मिड-डे मील वर्करों में खुशी की लहर है। निदेशालय ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे बिना किसी देरी के नई व्यवस्था के अनुरूप वर्करों के मानदेय का भुगतान सुनिश्चित करें।
