सोलन/नाहन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में पटवारी भर्ती परीक्षा के दौरान धार्मिक प्रतीकों को लेकर उपजे एक विवाद ने न केवल एक होनहार युवक के भविष्य पर सवालिया निशान लगा दिया है, बल्कि प्रदेश की सियासत में भी उबाल ला दिया है। नाहन से परीक्षा देने पहुंचे अमृतधारी सिख अभ्यर्थी जश्नदीप सिंह को सोलन स्थित देवभूमि इंस्टीट्यूट परीक्षा केंद्र के बाहर ही रोक दिया गया। आरोप है कि केंद्र संचालक ने युवक से प्रवेश से पहले अपने धार्मिक प्रतीक कड़ा और कृपाण उतारकर बाहर रखने को कहा, जिसे अपनी धार्मिक मर्यादा के विरुद्ध बताते हुए युवक ने मानने से साफ इनकार कर दिया और बिना परीक्षा दिए ही बैरंग लौट आया।

पीड़ित अभ्यर्थी जश्नदीप सिंह का दर्द है कि वर्षों की कड़ी मेहनत के बाद जब परीक्षा की घड़ी आई, तो उसे अपनी आस्था के कारण वंचित कर दिया गया। जश्नदीप के मुताबिक, वह इससे पहले भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में बैठ चुका है, लेकिन देश में कहीं भी उसे अपने धार्मिक प्रतीकों के कारण इस तरह के अपमानजनक व्यवहार का सामना नहीं करना पड़ा। युवक ने बताया कि जब उसने परीक्षा केंद्र प्रबंधन से कड़ा और कृपाण उतरवाने से जुड़ा कोई सरकारी आदेश या नियमावली दिखाने की मांग की, तो संचालक बगलें झांकने लगे और कोई भी आधिकारिक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) के तत्वावधान में चल रही इस भर्ती परीक्षा के दौरान हुई इस चूक ने पूरे सिख समुदाय की भावनाओं को आहत किया है। घटना की खबर फैलते ही मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने इस मुद्दे को लपकते हुए प्रदेश की सुक्खू सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पांवटा साहिब में आयोजित एक प्रेस वार्ता में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष गुरमीत सिंह ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा कि यह सीधे तौर पर भारतीय संविधान के अनुच्छेद 25 द्वारा प्रदत्त धार्मिक स्वतंत्रता के मौलिक अधिकार का हनन है।
विपक्ष ने इस पूरे मामले में सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए दोषी परीक्षा केंद्र संचालक और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है। भाजपा नेताओं का कहना है कि एक युवा के करियर के साथ हुए इस खिलवाड़ की भरपाई तभी संभव है, जब राज्य चयन आयोग प्रभावित अभ्यर्थी जश्नदीप सिंह के लिए विशेष रूप से दोबारा परीक्षा आयोजित करे। इसके साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परीक्षा नियमावली में स्पष्ट दिशा-निर्देश जोड़ने की मांग भी जोर-शोर से उठाई जा रही है।
गौरतलब है कि प्रदेश में पटवारी भर्ती के लिए लिखित परीक्षाओं का दौर 23 नवंबर से शुरू हुआ है, जो आगामी 30 नवंबर तक जारी रहेगा। इस बीच, भाजपा और सिख संगठनों ने प्रशासन को दो टूक अल्टीमेटम दिया है कि यदि समय रहते जश्नदीप सिंह को परीक्षा में बैठने का दूसरा अवसर नहीं दिया गया, तो पांवटा साहिब में एसडीएम कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। नेताओं ने चेतावनी दी है कि सरकार की बेरुखी जारी रहने पर इस आंदोलन की आंच पूरे प्रदेश में फैलाई जाएगी।