शिमला, 21 जुलाई 2025: (HD News); हिमाचल प्रदेश के चिन्तपूर्णी विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक गणेश दत्त भरवाल के आकस्मिक निधन पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
अपने शोक संदेश में श्री पठानियां ने कहा कि भरवाल संगठन से जुड़े हुए नेता थे और उनका जीवन संघर्षों से भरा रहा। वह पार्टी के जुझारू और कर्मठ कार्यकर्ता थे, जो अपने सादे स्वभाव और जनसेवा के लिए जनता के बीच लोकप्रिय रहे।
उन्होंने बताया कि वर्ष 1968 में गणेश दत्त भरवाल ने क्षयरोग स्वास्थ्य सेवा कर्मी के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी, लेकिन सिर्फ दो वर्षों बाद 1970 में उन्होंने सरकारी नौकरी त्याग दी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में एक सक्रिय युवा कार्यकर्ता के रूप में शामिल हो गए।

गणेश दत्त भरवाल ने वर्ष 1985 में कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार के रूप में विधानसभा चुनाव लड़ा और विजय प्राप्त की। वह एक बार विधानसभा सदस्य रहे और अपने कार्यकाल के दौरान जनता की सेवा में निरंतर लगे रहे।
विधानसभा अध्यक्ष ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की और इस दुःख की घड़ी में उन्हें धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।
विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने भी श्री भरवाल के निधन पर शोक जताया और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की है।