शिमला: (HD News); हिमाचल प्रदेश में विधानसभा के आगामी शीतकालीन सत्र की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य सरकार ने विधानसभा से संबंधित कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियों तथा सरकारी दौरों पर 10 से 21 नवंबर तक प्रतिबंध लगाने के निर्देश जारी किए हैं।
सरकारी निर्देशों के अनुसार विधानसभा से जुड़े विभागों के अधिकारियों को हर समय उपलब्ध रहना होगा। उन्हें अपने मोबाइल फोन चालू रखने और व्हाट्सऐप तथा कार्यालय के माध्यम से संपर्क में रहने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर रविवार और राजपत्रित अवकाश के दिन भी काम करना पड़ सकता है।
विभागों को विधायकों की ओर से पूछे जाने वाले तारांकित और अतारांकित प्रश्नों के जवाब तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही ध्यानाकर्षण प्रस्तावों और अल्पकालिक चर्चाओं से संबंधित सूचनाएं भी निर्धारित समय में उपलब्ध करवानी होंगी।

निर्देशों के मुताबिक प्रत्येक शाखा और अनुभाग में कम से कम एक जिम्मेदार अधिकारी को प्रतिदिन शाम सात बजे तक कार्यालय में उपस्थित रहना होगा। अधिकारियों को बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति मुख्यालय छोड़ने से भी मना किया गया है।
सरकार का उद्देश्य विधानसभा सत्र के दौरान प्रशासनिक कार्यों में किसी प्रकार की देरी नहीं होने देना है। इस बार शीतकालीन सत्र 16 से 21 नवंबर तक धर्मशाला के तपोवन में आयोजित किया जाना निर्धारित है। अब सभी विभाग सत्र की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं।
