सिरमौर: (HD News); सिरमौर जिले के शिलाई उपमंडल में एक बेहद हैरान और सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां चलती बाइक पर पीछे बैठे एक व्यक्ति के सिर को चीरकर निकली गोली सीधे बाइक चला रहे उसके चचेरे भाई के हेलमेट में जा धंसी। इस घटना में 55 वर्षीय खजान सिंह की मौत हो गई, जबकि हेलमेट पहने होने के कारण बाइक चालक रविंद्र (30) बाल-बाल बच गया। चौंकाने वाली बात यह रही कि न तो गोली चलने की आवाज सुनाई दी और न ही करीब आठ घंटे तक किसी को गोली लगने की भनक लगी। शाम को जब बाइक चालक ने अपना हेलमेट देखा, तो उसमें फंसी गोली ने पूरे घटनाक्रम से पर्दा उठा दिया।

मेहमाननवाजी कर घर लौटते समय रास्ते में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, रेणुकाजी क्षेत्र के जामु कोटी निवासी खजान सिंह (55) मंगलवार सुबह अपने चचेरे भाई रविंद्र (30) के साथ बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। दोनों एक गांव में मेहमाननवाजी के बाद वहां से निकले थे। जैसे ही उनकी बाइक शिलाई उपमंडल की पंचायत कोटी उतरोऊ के आवत गांव के समीप पहुंची, पीछे बैठे खजान सिंह अचानक अचेत हो गए और चलती बाइक से नीचे गिर पड़े।
पत्थर लगने की आशंका में अस्पताल ले गए परिजन, रास्ते में तोड़ा दम
घटना के समय बाइक चला रहे रविंद्र को न तो गोली चलने की कोई आवाज सुनाई दी और न ही इस बात का अंदेशा हुआ कि उसके भाई को गोली लगी है। पहाड़ी रास्ता होने के कारण शुरुआत में यही समझा गया कि ऊपर से कोई पत्थर गिरने के कारण खजान सिंह को गंभीर चोट आई है। आनन-फानन में घायल अवस्था में खजान सिंह को उपचार के लिए पांवटा साहिब अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया, लेकिन दुर्भाग्यवश उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
शाम 4 बजे हेलमेट देखते ही उड़े सबके होश
इस पूरे घटनाक्रम का रहस्य हादसे के करीब आठ घंटे बाद शाम चार बजे खुला। जब रविंद्र ने अपना हेलमेट उतारकर ध्यान से देखा, तो उस पर गोली लगने का गहरा निशान नजर आया। जांच करने पर हेलमेट के भीतर एक गोली फंसी हुई मिली, जिसे देखते ही परिजनों और ग्रामीणों के होश उड़ गए। प्रारंभिक तौर पर यह स्पष्ट हुआ कि अज्ञात दिशा से आई गोली पहले पीछे बैठे खजान सिंह के सिर को चीरती हुई निकली और फिर आगे बैठे रविंद्र के हेलमेट में जा धंसी। इस घटना में रविंद्र को भी चोट आई है, हालांकि हेलमेट ने उसकी जान बचा ली।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
हेलमेट में गोली मिलने के बाद तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिलाई थाना प्रभारी (एसएचओ) की अगुवाई में पुलिस टीम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन के लिए रवाना हुई, ताकि मृतक के परिजनों और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जा सकें। पुलिस के अनुसार, परिजनों के बयानों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया जाएगा। उधर, पुलिस अधीक्षक (एसपी) एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और गोली लगने से जुड़े तमाम तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
