हिमाचल: HRTC की सवारियों से भरी बस पर गिरी चट्टान, NH 9 मिल के पास हुआ ये हादसा, 3 सवारियों को आई हल्की चोटें, पढ़ें पूरी खबर..
हिमाचल प्रदेश में बरसात के आते ही पहाड़ों से पत्थरों के गिरने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर 9 मील के पास बीते शनिवार रात 11:30 बजे HRTC की बस पर पहाड़ी से एक बड़ी चट्टान गिर गई। चट्टान बस के अगले हिस्से से टकराई। गनीमत यह रही कि इस चट्टान का एक कोना बस के अगले हिस्से से टकराया। यदि यह चट्टान पूरी बस पर गिर जाती तो बहुत बड़ा हादसा हो जाता। सूचना के मुताबिक 3 सवारियों को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार केलांग डिपो की यह बस मनाली से शिमला जा रही थी। भारी बारिश के बीच रात करीब 11:30 बजे 9 मील के पास यह घटना घट गई। बस सवारियों से भरी हुई थी। बता दें कि मंडी से पंडोह के बीच कई जगह भूस्खलन व खतरनाक बिंदु हैं जहां चट्टाने गिरने का खतरा बना हुआ है।
गौरतलब है कि जब से हिमाचल प्रदेश में मानसून की एंट्री हुई है, प्रदेश में बाढ़, फ्लैश फ्लड, लैंडस्लाइड जैसे मामले सामने आ रहे हैं। बारिश कहीं कहीं तो कहर बनकर बरस रही है। बरसात के मौसम में सड़कों पर भी खतरा बना हुआ है। प्रदेश भर के विभिन्न स्थानों पर बारिश के बाद पहाड़ों से पत्थरों का क्रम जारी है। खासकर दुर्गम इलाकों में ये खतरा और ज्यादा बढ़ जाता है। इससे पहले भी प्रदेश भर में जगह-जगह से इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।