विधान सभा अध्यक्ष ने दी मुख्यमंत्री को 62वें जन्म दिवस की बधाई, पठानिया बोले - सुखविन्दर सिंह सुक्खू एक नेक दिल इन्सान, गरीबों और असहाय के मसीहा, पढ़ें पूरी खबर..
शिमला: (HD News); हि०प्र० विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्दर सिंह सुक्खू को उनके 62वें जन्म दिवस की बधाई दी है। अपने बधाई सन्देश में विधान सभा अध्यक्ष ने ठाकुर सुखविन्दर सिंह सुक्खू की दीर्घायू की कामना करते हुए कहा कि वह एक नेक दिल इन्सान हैं तथा गरीबों, पीड़ितों, दलितों तथा असहाय के मसीहा हैं।

विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्दर सिंह सुक्खू को उनके 62वे जन्म दिवस पर बल्लेबाजी करते हुए एक छाया चित्र को भेंट करते हुए। साथ में मौजूद हैं उद्योग एवं संसदीय कार्यमंत्री हि०प्र० हर्ष वर्धन चौहान तथा हिम स्पोर्टस एवं कल्चरल एसोशिएशन के महासचिव हरदयाल भारद्वाज।

पठानियां ने कहा कि ठाकुर सुखविन्दर सिंह सुक्खू एक मध्यम वर्गीय परिवार से निकले नेता हैं तथा जीवन में संघर्ष और कठिन परिश्रम से इस महत्वपूर्ण पद पर पहुँचे हैं। पठानियां ने कहा कि सुखविन्दर सिंह सुक्खू जिस भी पद पर रहे हैं उसे उन्होने अपनी अपार इच्छा शक्ति, दृढ़ निश्चय तथा उदारता का इस्तेमाल करते हुए निभाने का अटूट प्रयास किया है जिसमें उन्हें सराहनीय सफलता मिली है।

पठानियां ने कहा कि दिसम्बर 2022 में चौथी बार विधान सभा का सदस्य चुने जाने के बाद ठाकुर सुखविन्दर सिंह सुक्खू 11 दिसम्बर, 2022 को प्रदेश के 7वें मुख्यमंत्री बने तथा आज प्रदेश उनके काबिल नेतृत्व में विकास के शिखर की ओर अग्रसर है तथा हिमाचल को एक समृद्व तथा स्वावलम्बी राज्य बनाने में प्रयासरत हैं।
