शिमला (HD News): हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने आज दिनाँक 19 अगस्त, 2025 को शैलेडे पब्लिक स्कूल शिमला के छात्र-छात्राओं से संवाद किया। ये छात्र-छात्राएँ विधान सभा की कार्यवाही देखने के लिए सदन पहुँचे थे।
सुबह 10:30 बजे हुए इस संवाद के दौरान विधान सभा अध्यक्ष ने बच्चों से कई प्रश्न पूछे जिनका उन्होंने बड़े आत्मविश्वास और तत्परता के साथ उत्तर दिया। अध्यक्ष ने पूछा कि विधान सभा क्या है और विधायक कहाँ से चुने जाते हैं - इन प्रश्नों का जवाब छात्रों ने क्रमबद्ध तरीके से दिया।
अध्यक्ष पठानियां ने कहा कि लोकसभा और विधान सभा लोकतंत्र के सबसे बड़े मंदिर हैं, जहाँ प्रदेश और देश के लिए कानून बनाए जाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून बनाने का अधिकार केवल चुने हुए जनप्रतिनिधियों के पास है।

उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और यह युवाओं का देश है। देश में सबसे अधिक युवा शक्ति मौजूद है और उन्हें राष्ट्र के उत्थान व विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। अध्यक्ष ने कहा कि युवाओं ने अपनी जागरूकता का परिचय पहले हुए बाल सत्र में भी दिया था।
पठानियां ने बताया कि वे शीघ्र ही किसानों और युवाओं के लिए भी एक विशेष सत्र आयोजित करना चाहते हैं, ताकि वे संसदीय प्रणाली को नज़दीक से समझ सकें और जान सकें कि लोकतांत्रिक ढांचा किस प्रकार काम करता है। इस अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष ने सभी छात्र-छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।