अर्की/सोलन: जिला सोलन के उपमंडल अर्की के अंतर्गत आने वाले ग्राम दयोथल (डाकघर कुंहर) में आगामी 19 से 25 अक्टूबर 2026 तक सात दिवसीय श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। ठाकुर परिवार द्वारा दिवंगत श्री बालक राम ठाकुर जी के चतुर्वार्षिक श्राद्ध के अवसर पर आयोजित इस महायज्ञ में प्रख्यात कथावाचक आचार्य श्री नरेन्द्र भारद्वाज जी अपने मुखारविंद से श्रद्धालुओं को कथा का रसपान कराएंगे।
आयोजक परिवार से मिली जानकारी के मुताबिक, श्रीमती पार्वती देवी एवं समस्त ठाकुर परिवार द्वारा यह पावन आयोजन दिवंगत आत्मा की शांति एवं मोक्ष प्राप्ति के उद्देश्य से करवाया जा रहा है। आयोजक ठाकुर परिवार (वृजलाल ठाकुर, अमर सिंह ठाकुर व पदम सिंह ठाकुर) ने बताया कि इस ज्ञानमयी अनुष्ठान के लिए सभी तैयारियां की जा रही हैं और आचार्य श्री नरेन्द्र भारद्वाज जी प्रतिदिन उपस्थित श्रद्धालुओं पर ज्ञानामृत की वर्षा करेंगे।

कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए परिवार ने जानकारी दी कि यज्ञ का शुभारंभ 19 अक्टूबर (सोमवार) को सायं 3:00 बजे पुराण स्वागत एवं कलश स्थापना के साथ होगा। उसी दिन सायं 7:00 बजे से आरती व कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। 20 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक के कार्यक्रम के अनुसार, प्रतिदिन प्रातः 6:00 बजे से 11:00 बजे तक भगवान का मूल पाठ होगा। इसके पश्चात दोपहर 1:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक कथा व्यास द्वारा संगीतमय प्रवचन दिए जाएंगे, तथा सायं 4:30 बजे से 6:00 बजे तक आरती और प्रसाद वितरण किया जाएगा।
आयोजकों के मुताबिक, यज्ञ के अंतिम दिन 25 अक्टूबर (रविवार) को प्रातः 6 बजे से 11 बजे तक मूल पाठ के उपरांत दोपहर 2:00 बजे पूर्णाहुति एवं श्राद्ध कर्म संपन्न करवाया जाएगा। तदोपरांत दोपहर 2:00 बजे से हरि इच्छा तक एक विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें क्षेत्र के सभी लोगों के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था रहेगी। आयोजक मंडल एवं समस्त ठाकुर परिवार ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमियों से सपरिवार पधारकर कथा श्रवण करने व पुण्य का भागी बनने का विनम्र आग्रह किया है।
