मंडी/शिमला: हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश के वर्तमान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा जुबानी हमला बोला है। उन्होंने सीएम सुक्खू को नसीहत देते हुए कहा कि वे राहुल गांधी के लिए अपना समय बर्बाद करने के बजाय हिमाचल के विकास पर ध्यान केंद्रित करें।

कुर्सी के डर से दिल्ली के चक्कर काट रहे हैं सीएम
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुक्खू को अपनी कुर्सी छिनने का डर सता रहा है, जिसके चलते वे लगातार दिल्ली के चक्कर लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सरकारी खर्चे पर हर रोज दिल्ली जाकर कांग्रेस की रैलियों में हिस्सा ले रहे हैं, लेकिन शिमला पहुंचते ही उन्हें आलाकमान द्वारा वापस दिल्ली बुला लिया जाता है।
राहुल गांधी को ढोना कांग्रेस की मजबूरी, देश की नहीं
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कड़ा प्रहार करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि उनकी गैर-जिम्मेदाराना हरकतों से देश शर्मसार हुआ है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी का बोझ उठाना कांग्रेस पार्टी की मजबूरी हो सकती है, लेकिन यह देश की मजबूरी नहीं है। ठाकुर ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लोकतांत्रिक और चुनावी प्रक्रिया पर विश्वास करने के बजाय हंगामे के जरिए सत्ता हासिल करना चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि लगातार चुनावी हार के कारण कांग्रेस कमजोर हुई है और अगर आज चुनाव हो जाएं, तो कांग्रेस को पहले से भी बड़ी करारी हार का सामना करना पड़ेगा।
पंचायत चुनावों ने रखी 2027 में भाजपा की जीत की नींव
सराज विधानसभा क्षेत्र के थुनाग और जंजैहली मंडलों में आयोजित भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठकों को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने संगठन की गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने हाल ही में हुए पंचायत चुनावों में भाजपा का साथ देने और शानदार प्रदर्शन के लिए पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की पीठ थपथपाई। ठाकुर ने दावा किया कि इन पंचायत चुनावों के नतीजों ने 2027 के विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत का एक मजबूत आधार तैयार कर दिया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों में रिकॉर्ड जीत सुनिश्चित करने के लक्ष्य के साथ अभी से जुट जाने का आह्वान किया।

पीएम मोदी के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ रहा है भारत
बैठक के दौरान जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व की भी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज भारत तमाम वैश्विक चुनौतियों के बावजूद तेजी से प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है और देशभर में जनता का भरोसा भाजपा पर लगातार मजबूत हो रहा है।
