शिमला: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के दुर्गम गिरिपार क्षेत्र में रहने वाले लाखों लोगों के लिए एक बड़ी और ऐतिहासिक राहत की खबर सामने आई है। हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने के केंद्र सरकार के फैसले को चुनौती देने वाली सभी याचिकाओं को खारिज कर दिया है। न्यायमूर्ति विवेक सिंह ठाकुर और न्यायमूर्ति भूपेश शर्मा की खंडपीठ ने स्पष्ट किया कि संसद द्वारा पारित कानून और राष्ट्रपति की अधिसूचना में हस्तक्षेप करने का अधिकार हाईकोर्ट के पास नहीं है।

इस फैसले के साथ ही ट्रांस-गिरी क्षेत्र के हाटी समुदाय का करीब छह दशक पुराना संघर्ष एक निर्णायक मुकाम पर पहुंच गया है। वर्ष 1967 में उत्तराखंड के पड़ोसी जौनसार-बावर क्षेत्र को जनजातीय दर्जा मिलने के बाद से ही गिरिपार के लोग समान भौगोलिक और सांस्कृतिक परिस्थितियों के आधार पर इस अधिकार की मांग कर रहे थे। केंद्र सरकार ने वर्ष 2023 में संसद से विधेयक पारित कर इस समुदाय को एसटी सूची में शामिल किया था, जिस पर जनवरी 2024 में अदालत ने रोक लगा दी थी।

अदालत में सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि हाटी समुदाय को जनजातीय दर्जा दिए जाने से पहले से सूचीबद्ध अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के संवैधानिक अधिकारों में कोई कटौती नहीं होगी। कोर्ट ने अपने निर्णय में सुप्रीम कोर्ट की बड़ी पीठों द्वारा पूर्व में स्थापित कानूनी सिद्धांतों का हवाला देते हुए कहा कि किसी समुदाय को एसटी सूची में शामिल करने या बाहर रखने का विशेषाधिकार केवल संसद में निहित है।

हाईकोर्ट के इस निर्णय से गिरिपार क्षेत्र की लगभग तीन से साढ़े तीन लाख आबादी को सीधा लाभ मिलने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। लंबे समय से कानूनी दांव-पेंच के कारण रुके हुए अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र अब जारी हो सकेंगे, जिससे स्थानीय युवाओं और विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा व सरकारी नौकरियों में आरक्षण का लाभ मिल पाएगा।
फैसले की सूचना मिलते ही शिलाई, पांवटा साहिब, रेणुका और पच्छाद विधानसभा क्षेत्रों में जश्न का माहौल देखा गया। केंद्रीय हाटी समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इसे सामूहिक एकता की जीत करार दिया है। दूसरी ओर, याचिकाकर्ता अनुसूचित जाति अधिकार संरक्षण समिति ने कहा है कि वे फैसले की प्रति का अध्ययन करने के बाद सुप्रीम कोर्ट जाने पर विचार करेंगे।
