शिमला: हिमाचल प्रदेश में अवैध शराब की तस्करी और निर्माण के विरुद्ध राज्य कर एवं आबकारी विभाग ने अपना शिकंजा कसते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। विभाग द्वारा प्रदेश भर में चलाए गए विशेष सघन अभियान के तहत अब तक 29, 000 लीटर से अधिक अवैध शराब और भारी मात्रा में लाहन बरामद कर नष्ट किया गया है। इस कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
आबकारी विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि अवैध कारोबार की कमर तोड़ने के लिए जिला स्तर पर विशेष प्रवर्तन टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों ने अंतरराज्यीय सीमाओं, संवेदनशील मार्गों और गुप्त ठिकानों पर औचक निरीक्षण कर यह बड़ी बरामदगी की है। सोलन, कुल्लू, शिमला और मंडी जिलों में सबसे अधिक अवैध खेप पकड़ी गई है।

विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, दक्षिण क्षेत्र शिमला में सघन छापेमारी के दौरान 2, 775 बल्क लीटर से अधिक अवैध शराब और करीब 2, 950 लीटर कच्चा लाहन जब्त किया गया। इसी तरह मध्य क्षेत्र मंडी में 1, 167 बल्क लीटर और उत्तरी क्षेत्र पालमपुर में 635 बल्क लीटर अवैध शराब के साथ 640 लीटर लाहन बरामद कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है।

अधिकारियों का कहना है कि अवैध और कच्ची शराब न केवल सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचाती है, बल्कि यह आम लोगों के स्वास्थ्य और जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगामी दिनों में भी सीमावर्ती इलाकों में निगरानी और बढ़ाई जाएगी तथा तस्करी में संलिप्त वाहनों को जब्त कर सख्त धाराओं में मामले दर्ज किए जाएंगे।
प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध शराब के निर्माण की सूचना तुरंत विभाग के टोल-फ्री नंबरों पर दें। सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, ताकि समाज को नशा मुक्त और सुरक्षित बनाने के अभियान को जनसहयोग से सफल बनाया जा सके।
