हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के झंडुता उपमंडल के बालूघाट में सोमवार शाम हुए दर्दनाक बस हादसे ने पूरे प्रदेश को शोक में डुबो दिया है। इस भीषण दुर्घटना में 15 लोगों की मौत हो गई और कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इस घटना पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार इस मुश्किल घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और हर संभव सहायता शीघ्र प्रदान की जाएगी।

शिमला: (HD News); हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बिलासपुर जिले के झंडुता उपमंडल के बालूघाट में भूस्खलन की चपेट में आने से निजी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की दुखद घटना पर गहरा शोक और संवेदना व्यक्त की है।
गौरतलब है कि गत सायं हुए इस दर्दनाक हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इस घटना ने पूरे प्रदेश को शोक और स्तब्धता में डाल दिया है।

अपने शोक संदेश में विधानसभा अध्यक्ष पठानिया ने कहा कि, “यह हादसा हृदय विदारक और अत्यंत पीड़ादायक है। प्रदेश सरकार इस कठिन घड़ी में सभी प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और हर संभव सहायता शीघ्र उपलब्ध करवाई जाएगी।”
उन्होंने कहा कि यह दिल दहलाने वाली दुर्घटना कई परिवारों को अपूर्णीय क्षति पहुंचा गई है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। पठानिया ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

विधानसभा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि, “पिछले कुछ समय से प्रदेश में लगातार भूस्खलन की घटनाएं हो रही हैं। ऐसे में सभी नागरिकों को सतर्क रहकर अपनी सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए। सुरक्षा को कभी भी हल्के में नहीं लेना चाहिए।”
इस मौके पर विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने भी इस दुर्घटना पर गहरा दुख प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।
