शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने पूर्व लोकसभा अध्यक्ष, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शिव राज सिंह पाटिल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

अपने शोक संदेश में पठानिया ने कहा कि शिवराज पाटिल कांग्रेस के कद्दावर नेता थे और महाराष्ट्र के प्रमुख राजनीतिक व्यक्तित्वों में शुमार रहे। पार्टी की मजबूती और संगठन को नई ऊर्जा देने में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कई दशकों तक पाटिल का मार्गदर्शन और नेतृत्व कांग्रेस पार्टी को मिलता रहा, जिससे उनके कार्यकाल में पार्टी महाराष्ट्र ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी मजबूत होती गई।

उन्होंने यह भी कहा कि शिवराज पाटिल भारतीय राजनीति के उन वरिष्ठ नेताओं में से थे, जिन्होंने पाँच दशकों से अधिक समय तक देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भूमिका निभाई। अपनी शांत, सुसंस्कृत और गरिमामयी छवि के कारण वे हमेशा सम्मानित रहे। लोकसभा अध्यक्ष, केंद्रीय गृहमंत्री, राज्यपाल एवं वरिष्ठ संसदीय नेता के रूप में उनका विशाल राजनीतिक सफर भारतीय राजनीति का महत्वपूर्ण अध्याय है।
कुलदीप पठानिया ने दिवंगत नेता के परिवारजनों और उनके चाहने वालों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए परमपिता परमेश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है।
