हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या पहुँचकर श्रीराम मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने मंदिर की भव्यता, सांस्कृतिक महत्व और इसके सामाजिक-आर्थिक प्रभावों को रेखांकित करते हुए प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

लखनऊ/अयोध्या : (HD News); हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां आज भगवान श्रीराम की जन्मस्थली राम जन्मभूमि मंदिर पहुँचे। उन्होंने श्रीराम मंदिर में विधिवत दर्शन कर शीश नवाया और आशीर्वाद प्राप्त किया।
दर्शन के उपरांत पठानियां ने कहा कि श्रीराम मंदिर का निर्माण पौराणिक स्थापत्य शैली का अद्भुत उदाहरण है और यह सनातन धर्म की आस्था व सांस्कृतिक विरासत का सशक्त प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह मंदिर देशवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की भावना को सुदृढ़ करता है।

उन्होंने कहा कि भारत विविधताओं से भरा देश है, जहाँ सभी धर्मों का सम्मान किया जाता है और विविधता के बावजूद एकता बनी रहती है। पठानियां ने अपने छात्र जीवन का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्होंने कानून की पढ़ाई लखनऊ विश्वविद्यालय से की है। उनके अनुसार, उत्तर प्रदेश निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और तकनीकी प्रगति के साथ राज्य की नई पहचान बन रही है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि श्रीराम मंदिर के निर्माण के बाद अयोध्या आज देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बन गई है। मंदिर निर्माण से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं और उत्सव जैसा वातावरण बना हुआ है। इस अवसर पर उन्होंने प्रभु श्रीराम से हिमाचल प्रदेश की जनता के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

दर्शन के उपरांत पठानियां आज रात्रि वायु मार्ग से लखनऊ से चंडीगढ़ के लिए प्रस्थान करेंगे तथा 23 जनवरी को प्रातः शिमला पहुँचेंगे। उल्लेखनीय है कि वे 26 जनवरी 2026 को जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन में जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की अध्यक्षता करेंगे और ध्वजारोहण करेंगे।