हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने जिला चंबा के बनीखेत स्थित लाहड़ में हुए भीषण सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत पर उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रदेशवासियों से मानसून के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और पूरी सतर्कता बरतने की अपील की।
शिमला: (HD News); हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने जिला चंबा के बनीखेत स्थित लाहड़ में सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक आल्टो कार के गहरी खाई में गिर जाने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

अपने शोक संदेश में विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि यह हादसा अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है, जिसकी पीड़ा को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
बरसात में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील
कुलदीप सिंह पठानिया ने प्रदेशवासियों से अपील की कि मानसून के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और केवल अत्यावश्यक होने पर ही सफर करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार बादल फटने, भूस्खलन और सड़कों पर मलबा गिरने की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।

उन्होंने कहा कि ऐसे मौसम में प्रत्येक नागरिक को अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए तथा मौसम और प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करना चाहिए। विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने एक दिन पहले भी वीडियो संदेश जारी कर लोगों से बारिश के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील की थी।

शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना
विधानसभा अध्यक्ष ने हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों के परिजनों और रिश्तेदारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय पीड़ा को सहने का संबल प्रदान करें।
