भाजपा महिला मोर्चा जिला शिमला द्वारा कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज और जिला परिषद सदस्य कुश विक्रम सेन की विशेष उपस्थिति तथा जिला अध्यक्षा रीना शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में महिला मोर्चा की पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
शिमला/कसुम्पटी:(HD News); भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा जिला शिमला द्वारा आज कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला महिला मोर्चा की अध्यक्षा रीना शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिसमें मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम में प्रदेश के पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज और जिला परिषद सदस्य कुश विक्रम सेन विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने के साथ-साथ हमारी माताओं के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक सराहनीय प्रयास है। उन्होंने महिला मोर्चा के इस प्रयास की सराहना करते हुए सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
जिला अध्यक्षा रीना शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में महिला मोर्चा की बहनों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संवर्धन का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला महिला मोर्चा महामंत्री लता शर्मा, जिला प्रभारी प्रवीण छाजटा, उपाध्यक्षा रंजना गांगटा, कार्यालय सचिव बिंदू सूद, प्रवक्ता नेहा ठाकुर तथा प्रदेश पदाधिकारी प्रेमा चौहान सहित संगठन की अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता गरिमामयी उपस्थिति में शामिल रहीं।
