हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिलने वाला है। मौसम विभाग ने 29 अक्टूबर से 2 नवंबर तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश और ऊंचे पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना जताई है। करवाचौथ के दौरान भी प्रदेश के कई हिस्सों में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, 29 और 30 अक्टूबर को कांगड़ा, मंडी, शिमला, कुल्लू, सोलन और सिरमौर जैसे जिलों में आंधी, बिजली चमकने और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान तापमान में गिरावट आने और मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ों तक ठंड का प्रकोप बढ़ने की पूरी संभावना है।
प्रदेश के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान -2.5 डिग्री सेल्सियस और केलंग में -0.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है, जिससे जनजातीय इलाकों में अभी से कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। हालांकि, 28 अक्टूबर तक मौसम के साफ रहने का पूर्वानुमान है।