शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र 16 से 21 नवंबर 2026 तक धर्मशाला के तपोवन में आयोजित किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने राज्यपाल की संस्तुति के बाद सत्र की आधिकारिक अधिसूचना जारी होने की जानकारी दी है।

छह दिनों तक चलने वाले इस शीतकालीन सत्र में कुल 6 बैठकें होंगी। सत्र का शुभारंभ 16 नवंबर को दोपहर 2:00 बजे शोकोद्गार के साथ होगा। वहीं, 19 नवंबर का दिन गैर-सरकारी सदस्य कार्य दिवस के रूप में निर्धारित किया गया है। यह वर्तमान प्रदेश सरकार का तेरहवां सत्र होगा।

अधिसूचना जारी होने के साथ ही विधायकों के लिए विधायी कार्य की प्रक्रिया शुरू हो गई है। विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि सभी माननीय सदस्य अब अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से संबंधित आवश्यक सूचनाएं और प्रश्न विधानसभा सचिवालय को ऑनलाइन तथा ऑफलाइन, दोनों माध्यमों से प्रेषित कर सकते हैं।
